राज्य

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बनने के लिए 15 नेताओं ने दिया इंटरव्यू, चार नाम चर्चा में

A new culture in congress: हरियाणा और देश में कांग्रेस पिछले 12 सालों से सत्ता से बाहर है पूर्व वर्तमान सरकार के 3 साल का समय अभी बचा है। इस बात की भी कोई संभावना नजर नहीं आती थी इन तीन सालों में कोई बहुत बड़ी उठा पटक हो सकती है। लेकिन इस सबके बावजूद पार्टी के भीतर संगठनात्मक पदों को लेकर उत्साह कम होने की बजाय बढ़ता दिखाई दे रहा है। जो कांग्रेस के लिए सुखद संकेत हो सकता है।

हरियाणा में कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त के राज्य स्तरीय दौरों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में सक्रियता बढ़ी है। इसी माहौल के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) में राष्ट्रीय सचिव बनने के लिए हरियाणा के नेताओं के बीच जबरदस्त लाबिंग चल रही है।

हरियाणा से इस बार भी पिछली बार की तरह तीन राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने हैं और इसके लिए 15 नेताओं ने इंटरव्यू दिया है। खास बात यह है कि पहली बार राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति के लिए बाकायदा इंटरव्यू प्रक्रिया अपनाई गई है।

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने स्वयं दावेदारों के इंटरव्यू लिए। प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब निगाहें नियुक्तियों की घोषणा पर टिकी हैं।

बताया जा रहा है कि 18 सितंबर को दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ के चुनाव होने हैं। इसमें एनएसयूआई की भागीदारी को देखते हुए संभावना है कि राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्ति की घोषणा डुसू के चुनाव के बाद की जाए। वर्तमान में हरियाणा से विनीत पुनिया, चिरंजीव राव और चेतन चौहान एआइसीसी के राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव बनने के लिए 15 नेताओं ने दिया इंटरव्यू, चार नाम चर्चा में

राजनीतिक तौर पर इस पूरी कवायद को कांग्रेस के लिए केवल संगठनात्मक नियुक्ति के रूप में नहीं देखा जा रहा। लंबे समय से विपक्ष में रहने के बावजूद राष्ट्रीय संगठन में हिस्सेदारी के लिए हरियाणा कांग्रेस के नेताओं की सक्रियता बताती है कि पद की राजनीति और संगठन में प्रभाव की चाह अब भी पार्टी के भीतर मजबूत है।

नेशनल टीम के लिए 15 नेताओं ने आजमाई किस्मत

राष्ट्रीय सचिव पद के लिए इंटरव्यू देने वालों में डबवाली के पूर्व विधायक एवं युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमित सिहाग, कांग्रेस एससी सेल के प्रदेश अध्यक्ष मनोज बागड़ी, करनाल ग्रामीण कांग्रेस के जिला प्रधान राजेश वैध, युवक कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव खुशबू शर्मा, करनाल लोकसभा से चुनाव लड़ चुके युवक कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा, अजय छिक्कारा, अनंत दहिया, सुधीर चौधरी, अनिल सैनी, चक्रवर्ती शर्मा, विनीत कांबोज, योगेंद्र योगी, सुधा भारद्वाज, नीतिन सिंगला और हिम्मत सिंह शामिल हैं।

चार नामों की दावेदारी पर सबसे ज्यादा चर्चा

नई नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस के भीतर खुशबू शर्मा, अमित सिहाग, दिव्यांशु बुद्धिराजा और अनिल सैनी की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है। खुशबू शर्मा युवक कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव हैं और गुरुग्राम में रहती हैं। मूल रूप से वह झारखंड की रहने वाली हैं। वहीं, दिव्यांशु बुद्धिराजा की गिनती प्रदेश के लोकप्रिय युवा नेताओं में होती है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के विरुद्ध करनाल लोकसभा का चुनाव लड़ा था। अनिल सैनी को उत्तर प्रदेश के चुनाव में प्रियंका गांधी के साथ काम करने का अनुभव हासिल है, जबकि अमित सिहाग को हरियाणा कांग्रेस में ऊर्जावान नेताओं के तौर पर देखा जाता है।

राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलने की उम्मीद ने इन नेताओं के समर्थकों को भी सक्रिय कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button