देशविज्ञान

18 नवंबर को इतिहास रचेगा Voyager 1, पृथ्वी से इतनी दूर पहुंचने वाला पहला यान

INDIA NEWS(India 365 news):    अंतरिक्ष में इंसान की बनाई एक ऐसी मशीन सफर कर रही है जो करीब पांच दशक बाद भी लगातार नई जानकारी दे रही है। इसका नाम वॉयजर 1 है। अब यह यान पृथ्वी से इतनी दूर पहुंचने वाला है कि इससे भेजे गए रेडियो सिग्नल को धरती तक आने में पूरा एक दिन लग जाएगा। 18 नवंबर को इसके एक लाइट डे की दूरी पर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

आपको बता दें कि एक लाइट डे का मतलब होता है कि रोशनी एक दिन में जितनी दूरी तय करती है। किलोमीटर में यह दूरी करीब 25 हजार 902 अरब किलोमीटर होती है। यानी धरती से भेजा गया कोई संदेश इस यान तक पहुंचने में लगभग 24 घंटे लेगा और वहां से जवाब आने में भी करीब इतना ही समय लगेगा। ऐसे में वैज्ञानिकों के लिए इससे संपर्क करना अब पहले के मुकाबले काफी मुश्किल होता जा रहा है।

वॉयजर 1 को नासा ने 1977 में अंतरिक्ष की खोज के लिए भेजा था। उस समय शायद ही किसी ने सोचा होगा कि यह छोटा सा यान इतनी लंबी दूरी तय कर लेगा और कई दशकों तक काम करता रहेगा। इसने बृहस्पति और शनि जैसे ग्रहों के बारे में अहम जानकारियां भेजीं। इसके बाद यह सौरमंडल के बाहरी इलाके से आगे निकलकर इंटरस्टेलर स्पेस यानी तारों के बीच मौजूद अंतरिक्ष में पहुंच गया।

सबसे खास बात यह है कि इतनी दूर होने के बाद भी यह यान धरती पर वैज्ञानिक जानकारी भेजता रहा है। हालांकि अब इसकी उम्र और ऊर्जा दोनों बड़ी चुनौती बन चुकी हैं। वॉयजर 1 में लगे रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर से बिजली मिलती है। यह जनरेटर प्लूटोनियम के टूटने से पैदा होने वाली गर्मी को बिजली में बदलता है।

समय बीतने के साथ इसकी बिजली बनाने की क्षमता लगातार कम हो रही है। अनुमान है कि 2036 के आसपास इसकी ऊर्जा इतनी कम हो सकती है कि धरती से संपर्क बनाए रखना संभव नहीं रहेगा। इसके बाद भी यह यान अंतरिक्ष में आगे बढ़ता रहेगा लेकिन इंसानों को इससे कोई नई जानकारी नहीं मिल पाएगी।

करीब 50 साल से चल रहा यह सफर इंसानी विज्ञान और तकनीक की बड़ी उपलब्धियों में से एक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button