यूपी में 25 लाख युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, योगी ने सपा पर लगाए गंभीर आरोप

UTTAR PARDESH NEWS(India 365 news): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला उस समय देखने को मिला जब उन्होंने पिछली सरकार के दौरान होने वाली भर्तियों और नौकरियों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार के समय युवाओं को नौकरी पाने के लिए मेहनत से ज्यादा रिश्वत और सिफारिश का सहारा लेना पड़ता था।
दरअसल रविवार को जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर लखनऊ के राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए उनकी मेहनत और काबिलियत की तारीफ की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे आगे रहने वाले राज्यों में अपनी जगह बना रहा है। इसके पीछे प्रदेश के युवाओं की मेहनत और उनकी ताकत है। सरकार युवाओं पर भरोसा कर रही है और उन्हें आगे बढ़ने के मौके दे रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की मेहनत का ही नतीजा है कि प्रदेश लगातार तरक्की कर रहा है।
अपने संबोधन में योगी ने समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यकाल पर भी निशाना साधा। उन्होंने चाचा भतीजे का जिक्र करते हुए कहा कि पहले नौकरी देने के नाम पर रिश्वत और सिफारिश का खेल चलता था। उस समय आम परिवारों के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाना आसान नहीं था। लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जा रही है और योग्य युवाओं को उनकी मेहनत के आधार पर मौका मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। टैबलेट और स्मार्टफोन के जरिए युवाओं को पढ़ाई और रोजगार से जुड़ी जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम के जरिए सरकार ने युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और उन्हें तकनीक के मामले में मजबूत बनाने का संदेश दिया। वहीं योगी के इस बयान के बाद एक बार फिर प्रदेश में पुरानी और मौजूदा सरकार की भर्ती व्यवस्था को लेकर सियासी बहस तेज होने के आसार हैं।
