देशराजनीतिराज्य

PDA के मुकाबले PDM की तैयारी से यूपी की राजनीति में बढ़ी हलचल

Uttar Pradesh News( india365news): उत्तर प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले एक नए गठबंधन की चर्चा तेज हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी कांशीराम एक साथ आने की तैयारी में हैं। दोनों नेताओं के बीच गठबंधन का औपचारिक ऐलान आज लखनऊ में हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यूपी में दलित और मुस्लिम वोटों को लेकर नया सियासी मुकाबला देखने को मिल सकता है।

ओवैसी बुधवार की रात ही लखनऊ पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पार्टियां मिलकर ऐसा मोर्चा बनाना चाहती हैं जिसकी मदद से दलित और मुस्लिम मतदाताओं को अपने साथ जोड़ा जा सके। हालांकि अभी तक सीटों के बंटवारे को लेकर कोई फॉर्मूला सामने नहीं आया है। इतना ही नहीं दोनों नेता इस गठबंधन में कुछ दूसरे दलों और नेताओं को भी शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं।

इस नए गठबंधन को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह यूपी में तीसरे मोर्चे के रूप में अपनी जगह बना पाएगा। क्योंकि राज्य की राजनीति में समाजवादी पार्टी का PDA यानी पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक फॉर्मूला पहले से चर्चा में है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी अगर दलित मुस्लिम वोटों को अपने पक्ष में करने में कामयाब होती है तो सपा के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

इसका असर सिर्फ समाजवादी पार्टी तक सीमित नहीं रहेगा। बहुजन समाज पार्टी के पारंपरिक दलित वोट बैंक पर भी इस गठबंधन की नजर हो सकती है। दोनों पार्टियां जिन सीटों पर दलित और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या ज्यादा है वहां अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर सकती हैं।

हालांकि बीजेपी को रोकना दोनों दलों के साथ आने का एक बड़ा मकसद बताया जा रहा है। लेकिन चुनाव में इसका फायदा किसे मिलेगा और नुकसान किसका होगा यह अभी कहना जल्दबाजी होगी।

फिलहाल सबसे ज्यादा नजर आज लखनऊ में होने वाले संभावित ऐलान पर है। सीटों का बंटवारा और गठबंधन में शामिल होने वाले दूसरे दलों की तस्वीर साफ होने के बाद ही पता चलेगा कि 2027 के चुनाव में यह नया मोर्चा कितना असर दिखा पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button