
Hyderabad News(india365news): हैदराबाद में कांग्रेस का भारत समिट 12 नवंबर से शुरू हो रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में दुनिया के 70 से ज्यादा देशों के करीब एक हजार प्रतिनिधियों के पहुंचने की उम्मीद है। कांग्रेस इस मंच के जरिए दुनिया की अलग अलग प्रगतिशील राजनीतिक पार्टियों और विचार रखने वाले लोगों को एक साथ लाने की तैयारी में है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शामिल होंगे।
यह समिट 12 से 14 नवंबर तक चलेगा। इसमें कई देशों के राजनीतिक दलों के नेता नीति बनाने वाले लोग और विचारक हिस्सा लेंगे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस आयोजन का हिस्सा होंगे। कांग्रेस का कहना है कि इस कार्यक्रम का मकसद दुनिया के सामने लोकतंत्र और आपसी सहयोग को लेकर एक नई सोच रखना है।
इस बार समिट की थीम फोर्जिंग अ न्यू वर्ल्ड रखी गई है। इसका मतलब है एक नए विश्व का निर्माण। कांग्रेस इस आयोजन के जरिए वैश्विक न्याय लोकतंत्र और अलग अलग देशों के बीच बेहतर रिश्तों की बात दुनिया के सामने रखना चाहती है। पार्टी का मानना है कि आज के दौर में दुनिया को नफरत और टकराव की राजनीति से बाहर निकलकर नए रास्तों पर विचार करने की जरूरत है।
इस कार्यक्रम के समापन सत्र में राहुल गांधी के संबोधन पर खास नजर रहेगी। माना जा रहा है कि राहुल गांधी भारत की विदेश नीति को लेकर कांग्रेस की सोच और भविष्य का रोडमैप दुनिया के सामने रख सकते हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस अपनी राजनीतिक सोच को सामने रखने की कोशिश करेगी।
हालांकि इस आयोजन को लेकर देश में सियासी बहस भी शुरू हो गई है। बीजेपी ने कांग्रेस के इस कार्यक्रम पर सवाल उठाए हैं। तेलंगाना बीजेपी ने इसे एंटी भारत समिट बताते हुए विदेशी संगठनों और जॉर्ज सोरोस से कथित संबंधों को लेकर आरोप लगाए हैं। बीजेपी की तरफ से इस आयोजन के विरोध में प्रदर्शन करने की तैयारी भी की जा रही है।
अब देखना होगा कि हैदराबाद में होने वाला यह कार्यक्रम कांग्रेस के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कितनी जगह बना पाता है और राहुल गांधी का संदेश देश की राजनीति में क्या असर डालता है।
