देशराजनीतिराज्य

BJP का मतदाता जोड़ो अभियान यूपी में हर बूथ पर 50 नए वोटर जोड़ने की तैयारी

Uttar Pradesh News(India365news):  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले BJP का मतदाता जोड़ो अभियान शुरू होने जा रहा है। पार्टी ने प्रदेश के हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। बीजेपी की कोशिश है कि मतदाता सूची में जिन लोगों के नाम छूट गए हैं उन्हें जोड़ा जाए और नए वोटरों को भी सूची में शामिल कराया जाए।

इस अभियान के तहत प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर काम किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य करीब 86 लाख 86 हजार 500 नए मतदाताओं को जोड़ने का है। इस काम को पूरा करने के लिए संगठन के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी।

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। उनके साथ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे। बैठक में जिलाध्यक्षों और दूसरे पदाधिकारियों को साफ कहा गया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण को हल्के में न लें और हर बूथ पर पूरी मेहनत के साथ काम करें।

दरअसल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहले दावा किया था कि करीब 1 करोड़ 27 लाख हिंदू मतदाताओं के नाम पंचायत की वोटर लिस्ट में तो हैं लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में नहीं हैं। इसके अलावा बीजेपी ने सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले कई लोगों के नाम भी विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं होने का मुद्दा उठाया था।

अब पार्टी पंचायत चुनाव की मतदाता सूची राशन कार्ड धारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से जुड़ी जानकारी के आधार पर ऐसे लोगों की पहचान करेगी जिनका नाम विधानसभा की वोटर लिस्ट में नहीं है।

इस बार अभियान में सिर्फ पुराने छूटे हुए मतदाताओं को ही नहीं बल्कि 18 साल की उम्र पूरी करने वाले युवाओं और शादी के बाद दूसरी जगह रहने आई महिलाओं को भी शामिल किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व इस पूरे अभियान पर नजर रखेगा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसकी मॉनिटरिंग करेंगे।

आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए बीजेपी का यह अभियान काफी अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पार्टी अपने तय लक्ष्य के मुताबिक कितने नए मतदाताओं के नाम सूची में जुड़वा पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button