झूठी अफवाह से लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में छात्रों का हंगामा, तोड़फोड़ और आगजनी

LPU Students Protest : रविवार तड़के फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में भी छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म की अपुष्ट सूचना सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद करीब दो बजे विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस के अनुसार, अभी तक इस घटना की पुष्टि करने वाला कोई साक्ष्य सामने नहीं आया है और न ही इस संबंध में कोई शिकायत मिली है।
एक छात्रा के साथ बाहरी व्यक्ति द्वारा कथित रेप की अफवाह वाली खबरें सोशल मीडिया पर फैलने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद देर रात करीब 2 बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र उग्र हो गए। उन्होंने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। छात्रों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े, ईंटें और फूलों के गमले फेंके। कैंपस के अंदर कुछ इमारतों के हिस्सों में आग भी लगाई गई। हालात बिगड़ने के बाद यूनिवर्सिटी की निजी सुरक्षा व्यवस्था भी प्रदर्शनकारियों को रोकने में बेबस नजर आई।
हंगामा बढ़ने के बाद प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के गेट तक पहुंच गए। इस दौरान कैंपस के साइनबोर्ड भी तोड़े गए। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाईवे जाम होने से दोनों शहरों के बीच यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए कपूरथला पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर में भारी सुरक्षा बल तैनात किया। पुलिस का उद्देश्य कैंपस में और अधिक तोड़फोड़ तथा आगजनी को रोकना रहा।

स्थिति को देखते हुए कपूरथला पुलिस ने विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में भारी सुरक्षा बल तैनात किया है। पुलिस का उद्देश्य परिसर में किसी और आगजनी या तोड़फोड़ को रोकना तथा हाईवे पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करना है। कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा भी मौके पर पहुंचे।
एसएसपी गौरव तूरा ने कहा कि एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना से संबंधित अपुष्ट संदेश वायरल होने के बाद छात्रों में विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ रोष पैदा हुआ। उन्होंने कहा कि पुलिस को अब तक घटना की पुष्टि करने वाला कोई साक्ष्य नहीं मिला है और इस संबंध में कोई शिकायत भी प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने विश्वविद्यालय की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया है और फिलहाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर धरना दे रहे हैं। पुलिस छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास कर रही है। एसएसपी के मुताबिक स्थिति अब धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही है और जल्द हालात सामान्य होने की उम्मीद है।
