संत रामपाल के आश्रम में सेवा देने आए परिवार के बेटे के साथ दरिंदगी, सेवादार ने की घटिया करतूत

Crime News : हरियाणा के सोनीपत जिले के बरोदा थाना क्षेत्र स्थित संत रामपाल के सतलोक आश्रम (धनाना) से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ आश्रम में सेवा करने आए उत्तर प्रदेश के एक परिवार के नाबालिग बच्चे के साथ कुकर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सेवादार को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित परिवार उत्तर प्रदेश से आकर सतलोक आश्रम धनाना में सेवा कार्य कर रहा था। इसी दौरान किसी माध्यम से मामला चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के संज्ञान में आया। जब CWC की टीम ने बच्चे की काउंसलिंग की, तो उसने अपने साथ हुई इस अमानवीय घटना के बारे में खुलकर बताया। काउंसलिंग के दौरान ही इस पूरे काले कारनामे का खुलासा हुआ।

घटना 23 सितंबर की है। घटना के बाद आश्रम से ही किसी ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।इसके बाद मामला चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) तक पहुंचा। हालांकि, बच्चे के परिवार ने शिकायत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद CWC चेयरमैन अनीता शर्मा की शिकायत पर 24 सितंबर को बरोदा थाने में आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 10 के तहत आरोपी सेवादार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सेवादार सचिन सतलोक आश्रम धनाना में ही सेवादार का काम करता था और वह सोनीपत के ही कांसड़ी गांव का रहने वाला है। एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।
