राजनीतिराज्य

यदि जनता मेरा साथ दे तो टांग अड़ाने वालों को कोहनी मारकर जवाब दिया जाएगा : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

Bhupendra Singh Hudda : पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बार फिर चुनाव आयोग और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। हुड्डा ने साफ कहा कि “जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने आरोप लगाया कि हरियाणा में जनता के वोटों की चोरी हुई और इसी वजह से प्रदेश में ऐसी सरकार बनी, जिसे वह जनता की नहीं बल्कि ‘चोरी की सरकार’ बता रहे हैं। उनका दावा है कि “चुनाव आयोग से कांग्रेस ने चुनाव के दौरान वोटिंग और मतदाता सूचियों से जुड़े कई सवाल पूछे, लेकिन अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला। हुड्डा ने मतदान प्रतिशत के आंकड़ों में हुए बदलाव का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मतदान की रात 61.19 प्रतिशत वोटिंग बताई गई, जिसे बाद में बढ़ाकर 65.65 और फिर 67.9 प्रतिशत किया गया।

हुड्डा ने दावा किया कि हरियाणा में करीब सात प्रतिशत वोटों को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि “कहीं एक ही पते पर सैकड़ों वोट दर्ज पाए गए तो कहीं एक ही तस्वीर का इस्तेमाल कई मतदाताओं के लिए किए जाने के आरोप सामने आए।

यदि जनता मेरा साथ दे तो टांग अड़ाने वालों को कोहनी मारकर जवाब दिया जाएगा : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इशारों-इशारों में कांग्रेस में ही भीतर घात करने वाले नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि “यदि जनता मेरा साथ दे तो टांग अड़ाने वालों को कोहनी मारकर जवाब दिया जाएगा।” दरअसल पिछले दिनों कांग्रेस नेता चौधरी वीरेंद्र सिंह ने कहा था कि “पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अब उम्र दराज हो चुके हैं उन्हें अब राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए।” पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी सांपला किलोई का दौरा कर रहे थे आज वह नांदल गांव पहुंचे थे।

हुड्डा ने भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लूट, डकैती, रेप और हत्या जैसी घटनाएं आम हो गई हैं और कानून व्यवस्था का जनाजा निकल चुका है। इससे पहले भी हुड्डा राज्य में बढ़ते अपराध और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार के विकास कार्यों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कोई नया बड़ा काम नहीं हुआ और हरियाणा पर कर्ज लगातार बढ़ा है। हुड्डा इससे पहले भी सरकार पर बढ़ते कर्ज और विकास परियोजनाओं को लेकर सवाल उठा चुके हैं।

इसी बीच भूपेंद्र हुड्डा का अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी-सांपला-किलोई में जनसंपर्क और गांवों का दौरा जारी है। वह लोगों से मुलाकात कर भविष्य में चुनाव लड़ने और प्रदेश में संघर्ष को लेकर उनकी राय भी ले रहे हैं। हुड्डा का कहना है कि जनता का आशीर्वाद और साथ मिला तो वह संघर्ष को और तेज करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button