राजनीतिराज्य

विधायक की मीडिया कोऑर्डिनेटर की शिकायत पर पुलिस ने किया मामला दर्ज

Crime News : हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष व जींद से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण मिढ़ा के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में झांझ गेट निवासी सन्नी मग्गू ने बताया कि वह डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा का मीडिया कॉ-आर्डिनेटर है। 22 सितंबर को उनके एक जान-पहचान वाले के फेसबुक अकाउंट पर
“Dr- Krishan Middha Mla” नाम से एक फ्रेंड रिक्वेस्ट प्राप्त हुई। इस आईडी पर डॉ. कृष्ण मिढ़ा का फोटो लगा हुआ था, इसलिए उसने रिक्वेस्ट स्वीकार कर ली। कुछ समय बाद उसके पास डॉ. कृष्ण मिढ़ा के नाम से बनी आईडी से मैसेज आया और उससे पैसे की डिमांड की।

जींद विधायक और विधानसभा उपाध्यक्ष के मीडिया कॉ-आर्डिनेटर सन्नी मग्गू ने शहर थाना को दी शिकायत में बताया कि उक्त फर्जी आईडी द्वारा लोगों को धोखाधड़ी और जालसाजी में फंसाकर रुपयों की डिमांड की जा रही है। इससे आम लोगों के साथ धोखाधड़ी तो होने की आशंका है ही, साथ ही डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिढ़ा की प्रतिष्ठा व छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

सन्नी मग्गू ने पुलिस कप्तान से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाले और चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 319 (2), 318 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विधायक की मीडिया कोऑर्डिनेटर की शिकायत पर पुलिस ने किया मामला दर्ज

बता दें कि यह कोई पहला मामला नहीं है जब किसी वीआईपी के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पैसे मांगे गए हों। इससे पहले साइबर ठगों ने पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की फर्जी और पैरोडी फेसबुक-इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उनके वर्करों से व्हाट्सएप नंबर मांगे और सीआरपीएफ अधिकारी का सामान सस्ते में दिलाने का झांसा दिया।

नेताओं के अलावा आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के नाम पर भी फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर पैसे मांगने की बात सामने आई है। नूंह पुलिस ने IG ओम प्रकाश नरवाल की फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगने और भ्रमित करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।

मानेसर नगर निगम कमिश्नर अशोक कुमार गर्ग (IAS अधिकारी) की फर्जी आईडी बनाकर परिचितों से सीआरपीएफ के माध्यम से फर्नीचर दिलाने के नाम पर 1.75 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया था। DIG कुलदीप सिंह चहल के नाम से भी फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से पैसों की मांग किए जाने का मामला सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने सतर्कता बरतने की अपील की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button