‘ड्रग-फ्री हरियाणा’ के संकल्प के साथ फरीदाबाद नमो हाफ मैराथन-2026 आयोजित

Faridabad Namo Half Marathon : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार की सुबह सूरजकुंड पहुंचे और ‘ड्रग-फ्री हरियाणा’ फरीदाबाद नमो हाफ मैराथन-2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने लोगों का उत्साह बढ़ाया। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस अवसर पर नशा मुक्ति हरियाणा बनाने का संकल्प दिलाते हुए कहा कि सभी लोगों को संकल्प करना चाहिए कि वह न तो नाश करेंगे और ना दूसरे को करने देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उदय हरियाणा कार्यक्रम के तहत नशा मुक्त हरियाणा का अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी को अगर नशा मुक्ति के लिए सहायता की जरूरत पड़ती है तो उसे शर्माना नहीं चाहिए। क्योंकि मदद मांगना शर्म का नहीं बल्कि साहस का विषय है।
मुख्यमंत्री कल रात को ही फरीदाबाद पहुंच गए थे और आज सुबह उन्होंने यहां हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाई। इस कार्यक्रम के लिए उन्होंने फरीदाबाद प्रशासन की सराहना भी की।
मैराथन में शामिल होने के लिए 1 लाख से ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। मैराथन में बड़ी संख्या में धावकों और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देना रहा।
तीन श्रेणियों में हुई दौड़
मैराथन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर दौड़ और 5 किलोमीटर फन रन का आयोजन किया गया। 21 किलोमीटर दौड़ सुबह 6:15 बजे, 10 किलोमीटर दौड़ 6:30 बजे और 5 किलोमीटर फन रन सुबह 7 बजे शुरू हुई। प्रतिभागियों के लिए आयोजन स्थल के गेट सुबह 5 बजे खोल दिए गए थे।

सूरजकुंड से शुरू होकर वापस यहीं पहुंचेगी
21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन सूरजकुंड मेला ग्राउंड से शुरू होकर एनएचपीसी कॉलोनी, ग्रीनफील्ड, श्री सिद्धदाता आश्रम, जिमखाना क्लब, एशियन अस्पताल, सेक्टर-20 मार्केट और धौज चौक सहित निर्धारित मार्गों से होकर गुजरेगी ।
5 किलोमीटर फन रन के लिए एनएचपीसी कॉलोनी और 10 किलोमीटर दौड़ के लिए मानव रचना इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट के पास यू-टर्न निर्धारित किया गया। सभी प्रतिभागी निर्धारित मार्ग से वापस सूरजकुंड मेला ग्राउंड पहुंचे।
दिव्यांग एथलीटों के लिए भी अलग श्रेणी
मैराथन में समावेशी खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए 10 और 21 किलोमीटर दौड़ में दिव्यांग प्रतिभागियों के लिए विशेष श्रेणी रखी गई। व्हीलचेयर और एम्प्यूटी एथलीटों को अपनी प्रतिभा दिखाने का समान अवसर दिया गया। विभिन्न श्रेणियों के प्रतिभागियों के लिए करीब 10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि रखी गई।
शिखर धवन और रैपर एमडी ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, राज्यमंत्री राजेश नागर, विधायक मूलचंद शर्मा, धनेश अदलखा और सतीश फागना सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन और हरियाणवी रैपर एमडी ने भी युवाओं का उत्साह बढ़ाया।
