
Politics on Bihari : पूर्वांचली और बिहारी लोगों को लेकर फरीदाबाद की राजनीति कांग्रेस और भाजपा के बीच गाली गलौज पर उतर आई है।
फरीदाबाद की राजनीति में पूर्वांचली लोग बड़ी भूमिका अदा करते रहे हैं। बरसों से यहां रह रहे पूर्वांचल के लोग यहां के स्थाई निवासी भी हो गए हैं और उनके वोट भी अब यहीं पर है। इनकी संख्या लाखों में बताई जाती है।
कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज शर्मा द्वारा नगर निगम के अधीक्षक अभियंता द्वारा पूर्वांचल के लोगों को गाली देने के मामले को उठाने के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हमारे लिए ना कोई पूर्वांचली है, ना कोई प्रवासी है। हम सब हिन्दुस्तानी है। बिहार के लोग जो फरीदाबाद में रहते है, वो हमारे हरियाणवी भाई हैं।
इस बात को लेकर जब नीरज शर्मा से सवाल पूछा गया तो वे भड़क गए। गालियों का यूज करते हुए कहा कि अगर कृष्णपाल गुर्जर कहा बिहारी समाज उनके कलेजे का टुकड़ा है, तो फरीदाबाद के अंदर उस टुकड़े की (गाली देते हुए) क्यों हो रही है। अपने ऐसे अधिकारी को क्यों नहीं रोक रहे, जो कलेजे के टुकड़े को गालियां दे रहा है। क्यों तुम यहां चुप बैठे, इसी कलेजे के टुकड़े ने तीन-तीन बार सांसद बनाया, किसी ओर ने नहीं सांसद चुना।

असल में करीब एक माह पहले सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हुआ, जिसमें फरीदाबाद नगर निगम के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (SE) ओमवीर सिंह की आवाज होने का दावा किया गया था। इसमें एसई बिहार और पूर्वांचल से जुड़े व्यक्ति को खूब गालियां दे रहे थे। यह व्यक्ति एक पार्षद का पति बताया गया है।
ऑडियो सामने आने के बाद प्रवासी समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई थी। विरोध के बीच कांग्रेस के पूर्व विधायक नीरज शर्मा के नेतृत्व में समाज के लोगों ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री को ज्ञापन सौंपा था। इसमें अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई थी। हालांकि, ओमवीर ने वीडियो डालकर समाज से माफी मांग ली थी। कहा था कि उनका किसी की भावनाएं आहत करने का इरादा नहीं था।
मामले ने तूल पकड़ा तो सुपरिटेंडेंट इंजीनियर (SE) ओमवीर सिंह का यमुनानगर ट्रांसफर कर दिया गया। पता चला कि ओमवीर का 31 साल के सेवाकाल में फरीदाबाद से बाहर तबादला नहीं हुआ था। इस बार तबादला हुआ तो तबादले के 18 दिन बाद ही फरीदाबाद में वापसी हो गई। इस पर पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने सवाल उठाए थे। कहा कि जब वापस बुलाना था को तबादला करने की नौंटकी करने की क्या जरूरत थी।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नीरज शर्मा के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि ये हताश और निराश लोग है, जिनको लोगों ने ठुकरा दिया है। आज वो गलत बातें कर रहे है। क्योंकि नीचे से जमीन खिसक गई है। कोई भी ताकत हमारे बिहारी और पूर्वांचली समाज के लोगों को बरगला नहीं सकती।
मंत्री के बयान पर 24 सितंबर को मीडिया ने पूर्व एनआईटी विधायक नीरज शर्मा से सवाल किया तो वे भड़क गए। उन्होंने कई आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। हांलाकि उन्होंने इसके बाद एक वीडियो भी जारी कर कहा कि एक अधिकारी ने बिहारी और पूर्वांचली समाज के लोगों को गाली दी वो किसी को नहीं दिखी, लेकिन उन्होंने केवल अपने मन की व्यथा बताने की कोशिश की उसमें इन बीजेपी वालों को गाली दिख गई। उन्होंने 2 अक्टूबर को तिलपत में महापंचायत का ऐलान किया है और पूर्वांचली समाज के लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की है।
नीरज शर्मा के इस गाली वाले बयान के बाद फरीदाबाद की राजनीति पूरी तरह से गरमा गई है। एनआईटी के विधायक सतीश फागना ने नीरज शर्मा को घेरते हुए कहा कि ये वो लोग है, जिन्होंने सत्ता की मलाई खाई है। अब सत्ता से बाहर बैठे है, मर्यादा भूल चुके है। एक पूर्व विधायक को इस तरह की बाततीच शोभा नही देती है। कांग्रेस नेताओं की भाषा हमेशा से ही गालीबाज जैसी रही है। उन्होंने यहां तक कहा कि इससे हमारे बिहारी समाज और पूर्वांचली समाज में भारी नाराजगी है और नीरज शर्मा के खिलाफ विरोध का मोर्चा खोला जाएगा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद वे पूर्वांचली समाज को निशाना बना रहे हैं। कांग्रेस का कल्चर शुरू से ही गालीबाज रहा है
