देश

नीतीश कुमार की रणनीति में नया सियासी संकेत, लव-कुश समीकरण फिर चर्चा में

बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हर गतिविधि को गहरी राजनीतिक नजर से देखा जाता है। हाल के दिनों में उनकी गतिविधियों ने एक बार फिर सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार अब पूरी तरह से सोची-समझी रणनीति के तहत लव-कुश समीकरण को आगे बढ़ाने में जुटे हुए हैं। उनके हर सार्वजनिक कार्यक्रम और यात्रा में इस समीकरण का संकेत साफ तौर पर देखा जा रहा है, जिसे राजनीतिक विशेषज्ञ भविष्य की बड़ी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं।

चंपारण यात्रा में लव-कुश पार्क की तस्वीरें बनीं राजनीतिक संदेश

पिछले दिनों चंपारण क्षेत्र में अपनी समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने लव-कुश पार्क का दौरा किया था। इस दौरान उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी उनके साथ मौजूद थे। दोनों नेताओं की पार्क में ली गई तस्वीरों को लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा हुई। इसे केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं बल्कि एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश के रूप में देखा गया, जिसमें लव-कुश समुदाय को साधने की रणनीति झलकती है। इसी दौरान सम्राट चौधरी की सक्रिय मौजूदगी को भी खास संकेत के रूप में देखा गया।

नीतीश कुमार की रणनीति में नया सियासी संकेत, लव-कुश समीकरण फिर चर्चा में

सम्राट चौधरी को लेकर नीतीश के संकेत

समृद्धि यात्रा के दौरान नीतीश कुमार ने कई मौकों पर इशारों में यह संकेत दिया कि अब नई पीढ़ी को जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक मंचों पर सम्राट चौधरी की भूमिका की सराहना करते हुए यह भी कहा कि आने वाले समय में यही नेतृत्व आगे की जिम्मेदारी संभालेगा। इसी वजह से राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि सम्राट चौधरी को नीतीश कुमार अपना संभावित उत्तराधिकारी मानकर आगे बढ़ा रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान दोनों नेताओं के बीच हुई गर्मजोशी भरी मुलाकात ने भी इन अटकलों को और हवा दी।

लव-कुश समीकरण पर पुरानी रणनीति

नीतीश कुमार का लव-कुश समीकरण को साधने का प्रयास कोई नया नहीं है। अपने शुरुआती राजनीतिक दौर से ही वह इस सामाजिक समीकरण को मजबूत करने में सक्रिय रहे हैं। पहले उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को आगे बढ़ाया और उन्हें विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तक बनाया। बाद में कुशवाहा समाज से आने वाले उमेश कुशवाहा को जदयू का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा एक राष्ट्रीय महासचिव पद भी इसी समाज से जुड़े नेता को दिया गया। यह स्पष्ट करता है कि नीतीश कुमार लगातार इस सामाजिक आधार को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button