दिल्ली में ड्यूटी कर रही महिला BLO से दुर्व्यवहार, SIR अभियान के दौरान 4 आरोपी गिरफ्तार

राजधानी दिल्ली के चांदनी महल थाना क्षेत्र में सरकारी ड्यूटी पर तैनात एक महिला बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना 5 जुलाई 2026 को फाटक तेलियान इलाके में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) अभियान के दौरान हुई। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह SIR अभियान के तहत अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन कर रही थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उनकी गोद में BLO रजिस्टर रखकर उस पर हस्ताक्षर किए, जबकि उन्होंने इस पर आपत्ति जताई थी। महिला अधिकारी का आरोप है कि मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने भी उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, SIR फॉर्म लेने से इनकार किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।

10 दिन बाद दर्ज हुई शिकायत
हालांकि घटना 5 जुलाई की थी, लेकिन इसकी जानकारी 15 जुलाई को पुलिस तक पहुंची। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने पहले अपने वरिष्ठ अधिकारियों से परामर्श किया और उसके बाद कार्रवाई के लिए शिकायत दर्ज कराई। एडीएम की सूचना पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 221, 132, 79, 74 और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की। इसके बाद शिकायत में नामजद चारों आरोपियों—मोहम्मद सबरीन (44), अतीक उर रहमान (58), मोहम्मद आसिफ (50) और मोहम्मद अफताब (44)—को गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपी तुर्कमान गेट, दिल्ली के निवासी बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
