राजनीतिराज्य

जनता अब हुक्मरानों को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर कुर्सी से उतारेगी : डॉ अजय चौटाला

कहा, सरकार विदेशी दौरों में व्यस्त, किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं

Dr. Ajay Chautala : JJP के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ अजय चौटाला ने कहा है कि देश और प्रदेश की युवा पीढ़ी अब बदलाव के लिए आगे आ रही है। जनता जल्द अहंकारी हुक्मरानों को कुर्सियों से हटाने का काम करेगी। जेजेपी हमेशा आंदोलनकारियों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जनता अब इन हुक्मरानों को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर कुर्सी से उतारेगी।

जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के सुप्रीमो अजय चौटाला ने मंगलवार को बाढ़ड़ा अनाज मंडी पहुंचकर बाजरा खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों से बातचीत की। उन्होंने मंडियों में किसानों को हो रही परेशानियों को लेकर सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

उन्होंने कहा कि धान, बाजरा और कपास उत्पादक किसान फसलों की खरीद को लेकर परेशान हैं। किसानों को खाद के लिए थानों से पर्चियां लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार के विदेश दौरों पर तंज कसते हुए कहा कि नेता सिंगापुर घूम रहे हैं, लेकिन किसानों की सुध लेने के लिए समय नहीं है।

जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग पर भी सवाल
अजय चौटाला ने ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इन एजेंसियों के जरिए आम लोगों और विपक्षी नेताओं को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने किसानों और कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button