
Dr. Archana Gupta : हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा है कि विपक्ष के पास न नेता है, न नीति और न ही कोई मुद्दा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भ्रष्टाचार, परिवारवाद और क्षेत्रवाद का बोलबाला था, जिसे भाजपा सरकार ने खत्म करने का काम किया है। वह जींद में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उनके साथ भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जवाहर सैनी भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में हरियाणा में युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी के लिए किसी की सिफारिश या पैसे की जरूरत न पड़े, यही भाजपा सरकार की व्यवस्था का उद्देश्य है।
प्रदेश में भाजपा और प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी का 25 साल का बेदाग सेवा काल बड़ी बात है। उन्होंने कहा कि इतने लंबे सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सेवा को प्राथमिकता दी है और उनके नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि रेलवे के क्षेत्र में पिछले वर्षों में अभूतपूर्व बदलाव देखने को मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हाइड्रोजन ट्रेन जींद वाया गोहाना से सोनीपत तक चलने वाली ट्रेन का उद्घाटन किया था। उन्होंने रेलवे के आधुनिकीकरण को लेकर केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन से लेकर चिनाब ब्रिज तक भारत रेलवे के कायाकल्प की नई कहानी लिख रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे का आधुनिकीकरण केवल नई ट्रेनों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता, विद्युतीकरण, सुरक्षा और रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के क्षेत्र में भी काम किया जा रहा है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने दावा किया कि देश में करीब 3 लाख 66 हजार बायो-टॉयलेट बनाए गए हैं और 70 हजार किलोमीटर से अधिक रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया जा चुका है।
उन्होंने वंदे भारत ट्रेनों को आधुनिक रेल तकनीक का उदाहरण बताते हुए कहा कि आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों के सफर को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इससे देश में माल ढुलाई को नई रफ्तार मिलेगी और रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने चिनाब रेलवे ब्रिज को भारत की इंजीनियरिंग और तकनीकी क्षमता का शानदार उदाहरण बताया। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि रेलवे में हो रहे इन बदलावों की जानकारी गांव, गरीब और आम यात्री तक पहुंचना जरूरी है।