देशराज्य

दिल्ली में लालू और सोनिया की मुलाकात सियासी गलियारों में चर्चा तेज

DELHI NEWS(India 365 news):   दिल्ली में इन दिनों इलाज करा रहे आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुलाकात की है। लालू यादव सोनिया गांधी मुलाकात मीसा भारती के दिल्ली स्थित आवास पर हुई। इस मुलाकात की तस्वीरें बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर शेयर की हैं। तस्वीरें सामने आने के बाद दोनों नेताओं की मुलाकात की चर्चा शुरू हो गई है।

बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी खास तौर पर लालू प्रसाद यादव से मिलने मीसा भारती के घर पहुंची थीं। इस दौरान परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। तेजस्वी यादव ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए इस खास मौके की जानकारी लोगों तक पहुंचाई। हालांकि इस मुलाकात में किन मुद्दों पर बातचीत हुई इसकी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है।

दरअसल लालू प्रसाद यादव पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते डॉक्टरों की निगरानी में हैं। पहले उन्हें पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान यानी IGIMS में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज और जरूरी जांच के बाद उन्हें आगे के मेडिकल चेकअप के लिए दिल्ली लाया गया। फिलहाल दिल्ली के एम्स में उनका इलाज चल रहा है।

परिवार की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक लालू प्रसाद यादव की हालत अभी स्थिर है। इसी बीच सोनिया गांधी का उनसे मिलने पहुंचना भी चर्चा का विषय बन गया है। दोनों नेताओं के बीच पहले भी लंबे समय तक राजनीतिक साथ रहा है और यूपीए सरकार के दौर में दोनों कई मौकों पर एक साथ नजर आए थे।

लालू प्रसाद यादव ने भी अपने पुराने यूपीए के दिनों को याद किया। कांग्रेस और आरजेडी के बीच पुराने राजनीतिक रिश्तों को देखते हुए इस मुलाकात को खास माना जा रहा है।

फिलहाल इस मुलाकात को लेकर किसी नए राजनीतिक फैसले या गठबंधन से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। अभी चर्चा का मुख्य विषय दोनों पुराने नेताओं की मुलाकात और उनकी सामने आई तस्वीरें हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button