
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान और पूर्व राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए सात राज्यसभा सदस्यों को गद्दार कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह अलोकतांत्रिक और अपमानजनक भाषा है, जिससे राजनीतिक मर्यादा टूटती है।
हरभजन सिंह पर टिप्पणी को बताया अपमानजनक
श्वेत मलिक ने विशेष रूप से पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें गद्दार कहना बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह ने देश के लिए विश्व कप जीता है और ऐसे व्यक्ति के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग करना पूरे खेल जगत का अपमान है।

AAP पर लगाए गंभीर आरोप
उन्होंने आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग खुद दूसरी पार्टियों से आए हैं, उन्हें दूसरों को गद्दार कहने का अधिकार नहीं है। मलिक ने आरोप लगाया कि AAP अब “कट्टर ईमानदार” नहीं बल्कि “कट्टर बेईमान” पार्टी बन चुकी है और इसमें लगातार टूट जारी है।
भाजपा को बताया एकमात्र विकल्प
श्वेत मलिक ने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार अब कमजोर हो चुकी है और उसके गिने-चुने दिन बचे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी लोग देश और जनता की सेवा करना चाहते हैं, उनके लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है और पार्टी के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं।
