
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 936 प्रधान परिचालक और प्रधान परिचालक यांत्रिक को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज ही विकास की सबसे बड़ी गारंटी है और इसी मजबूत व्यवस्था से निवेश को बढ़ावा मिल रहा है।
एक लाख पुलिस भर्ती का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड लगभग एक लाख नई भर्तियों की प्रक्रिया पूरी करेगा। इसमें सिविल पुलिस, सब इंस्पेक्टर और होमगार्ड सहित कई पद शामिल होंगे। हाल ही में 41 हजार से अधिक होमगार्ड भर्ती के लिए परीक्षा भी संपन्न हो चुकी है, जिससे सुरक्षा तंत्र और मजबूत होगा।

कानून व्यवस्था से बढ़ रहा निवेश
सीएम योगी ने कहा कि यूपी में कानून का राज स्थापित होने से गुंडागर्दी, माफिया और अराजकता पर नियंत्रण हुआ है। इसी सुरक्षित माहौल के कारण देश-विदेश के बड़े निवेशक उत्तर प्रदेश में निवेश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजबूत कानून व्यवस्था ही आर्थिक विकास की नींव बन रही है।
स्पोर्ट्स कोटा और पुलिस की उपलब्धियां
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने 500 से अधिक कुशल खिलाड़ियों को पुलिस बल में शामिल किया है। इसका परिणाम यह हुआ है कि पुलिस बल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीत रहा है और देश में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।