BJP से बगावत करने वालों पर पंकज चौधरी का बड़ा बयान, बोले पार्टी छोड़ने वाले नहीं कर पाते सर्वाइव

Uttar Pradesh News(India365news): उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी हलचल तेज होने लगी है। इसी बीच यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने BJP से बगावत करने वाले नेताओं को लेकर ऐसा बयान दिया है जिस पर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। उन्होंने साफ कहा कि जो नेता पार्टी और उसकी विचारधारा से अलग होकर अपना रास्ता बनाते हैं उनका राजनीतिक अस्तित्व ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाता।
महाराजगंज से सांसद और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी कन्नौज में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि विचारधारा के आधार पर चलने वाला संगठन है। यहां कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा को लेकर काम करते हैं। जो लोग इससे अलग होते हैं उनके लिए राजनीति में टिके रहना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी से अलग होकर कई नेताओं ने अपनी पार्टियां बनाई हैं लेकिन आज उनकी राजनीतिक स्थिति क्या है यह किसी से छिपा नहीं है। चौधरी के इस बयान को आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के उन नेताओं के लिए संदेश माना जा रहा है जो टिकट नहीं मिलने या दूसरे कारणों से बगावत कर सकते हैं।
वहीं बीजेपी के 209 संभावित उम्मीदवारों की एक कथित लिस्ट को लेकर भी पंकज चौधरी ने अपनी बात रखी। उन्होंने इस खबर को पूरी तरह गलत बताया और कहा कि उन्हें नहीं पता यह लिस्ट कहां से आई है। उन्होंने साफ किया कि अभी तक इस तरह की कोई बैठक नहीं हुई है।
पंकज चौधरी के मुताबिक बीजेपी में टिकट देने का फैसला किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं होता। इसके लिए पहले जिला स्तर से सुझाव लिए जाते हैं। फिर क्षेत्र और प्रदेश स्तर पर चर्चा होती है। प्रदेश की कोर कमेटी और चुनाव समिति में विचार करने के बाद नाम दिल्ली भेजे जाते हैं। आखिर में पार्टी का संसदीय बोर्ड उम्मीदवारों के नाम तय करता है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी कोई परिवार की पार्टी नहीं है जहां एक व्यक्ति अपनी मर्जी से फैसला कर ले। यहां सभी की राय लेकर सामूहिक रूप से फैसले किए जाते हैं। उनके इस बयान के बाद अब देखना होगा कि यूपी चुनाव से पहले पार्टी के अंदर टिकट और बगावत को लेकर सियासी तस्वीर क्या रहती है।
