राज्य

19 लाख लेकर नहीं कराई जमीन की रजिस्ट्री, बाद में तीसरे व्यक्ति के नाम बेच दी संपत्ति

पंजोखरा थाना क्षेत्र के निवासी नरेंद्र सिंह के साथ जमीन खरीद के नाम पर 19 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बलबीर कौर, परविन्द्र सिंह (गांव जिआन, जिला होशियारपुर) और सचिन भल्ला (श्याम नगर एक्सटेंशन, तिलक नगर, नई दिल्ली) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

48 लाख में हुआ था 7 कनाल जमीन का सौदा

शिकायतकर्ता नरेंद्र सिंह के अनुसार, 12 जून 2025 को 7 कनाल जमीन का सौदा 48 लाख रुपये में तय हुआ था। उसी दिन उन्होंने 3 लाख रुपये का चेक दिया। बाद में आरोपियों ने लोन चुकाने के नाम पर पहले 12 लाख और फिर 4 लाख रुपये की मांग की। इस तरह अलग-अलग किश्तों में कुल 19 लाख रुपये ले लिए गए। समझौते के अनुसार जमीन की रजिस्ट्री 12 अक्टूबर तक होनी थी।

19 लाख लेकर नहीं कराई जमीन की रजिस्ट्री, बाद में तीसरे व्यक्ति के नाम बेच दी संपत्ति

रजिस्ट्री टालते रहे, चेक भी हुआ बाउंस

नरेंद्र सिंह का आरोप है कि जब भी उन्होंने रजिस्ट्री कराने की बात की, आरोपियों ने टालमटोल की। वह तय तारीख पर तहसील कार्यालय में पूरी रकम लेकर पहुंचे, लेकिन आरोपी वहां नहीं आए। बाद में उन्होंने पैसे लौटाने के बजाय चेक दिया, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर डिसऑनर (बाउंस) हो गया। इसके बाद कानूनी नोटिस भेजा गया, लेकिन न तो रकम वापस मिली और न ही रजिस्ट्री कराई गई।

तीसरे व्यक्ति के नाम कर दी जमीन, पुलिस ने दर्ज किया केस

शिकायत के अनुसार, 9 मार्च 2026 को आरोपियों ने कथित मिलीभगत से वही जमीन किसी तीसरे व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने शुरू से ही धोखाधड़ी की नीयत से इकरारनामा किया और 19 लाख रुपये लेने के बावजूद न जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा लौटाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button