देशराज्य

14 स्वर्ण समेत 32 पदक जीतकर स्वदेश लोट हरियाणा के खिलाड़ी

खेल मंत्री ने फूलमालाएं पहनकर कियास्वागत

Asian Games 2026 : हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा है कि पूरे प्रदेश को खिलाड़ियों की उपलब्धि पर गर्व है। यह हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा चलाई जा रही खेल नीतियों व योजनाओं का नतीजा है कि प्रदेश में खेल व खिलाड़ी निरंतर आगे बढ़ रहे हैं। उन्हें पूरा भरोसा है कि भविष्य में भी खिलाड़ी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

गौरव गौतम जापान में आयोजित एशियन गेम्स में पदक जीतकर लौटे हरियाणा के खिलाड़ियों का दिल्ली इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर स्वागत कर रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों को फूल मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धियों की सराहना की। मंत्री के अनुसार भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में कुल 85 पदक जीते, जिनमें हरियाणा के खिलाड़ियों का योगदान 32 पदकों का रहा।

प्रदेश के खिलाड़ियों ने 14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य पदक जीते। खेल मंत्री ने इसे हरियाणा की खेल क्षमता और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को बधाई देते हुए भविष्य में प्रशिक्षण, डाइट और खेल सुविधाओं में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने यह पदक अपने नाम कर हरियाणा की खेल शक्ति का लोहा मनवाया।

उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

खेल मंत्री गौरव गौतम ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगे की शान बढ़ाने वाले इन खिलाड़ियों पर पूरे हरियाणा को गर्व है। उन्होंने कहा कि 14 स्वर्ण पदक यह बताते हैं कि हरियाणा के खिलाड़ी केवल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए नहीं, बल्कि जीत हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरते हैं।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। इन खिलाड़ियों के पीछे उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों और खेल संस्थानों की भी बड़ी भूमिका है। मंत्री ने सभी अभिभावकों और प्रशिक्षकों को भी बधाई दी और कहा कि सरकार खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है।

गौरव गौतम ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी यात्रा, प्रतियोगिता में प्रदर्शन और आगे की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सम्मान देना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व है।

खिलाड़ियों को प्रोत्साहित कर रहे सीएम

खेल मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के प्रोत्साहन, उनकी डाइट, बेहतर प्रशिक्षण, अच्छे कोच और आधुनिक खेल इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए किसी तरह की कमी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उस प्रतिभा को सही मंच और सही दिशा देने की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती ने देश को अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी दिए हैं और आने वाले समय में भी प्रदेश से बड़ी संख्या में प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगी।

सरकार चाहती है कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि एशियाई, विश्व और ओलंपिक स्तर पर भी अधिक से अधिक पदक जीतें।

गांवों की प्रतिभाओं को मिलेगा बेहतर मंच

खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा की खेल संस्कृति में गांवों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर दुनिया के बड़े खेल मंचों तक पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों और छोटे शहरों में रहने वाले युवाओं को भी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलें, इस दिशा में सरकार का विशेष ध्यान है।यदि गांवों में छिपी प्रतिभाओं को समय रहते उचित सुविधाएं और प्रशिक्षक मिल जाएं, तो आने वाले वर्षों में हरियाणा से और अधिक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकल सकते हैं।

खिलाड़ियों की सफलता बनेगी युवाओं की प्रेरणा

खेल मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार अपनी प्रतिभा और क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित कर रहा है और हरियाणा भी इस खेल यात्रा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतता है, तो उसकी सफलता सिर्फ व्यक्तिगत नहीं रहती, बल्कि पूरे प्रदेश और देश की उपलब्धि बन जाती है।

सम्मान और प्रोत्साहन में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी

ऐसी उपलब्धियां दूसरे युवाओं को भी खेलों की ओर आकर्षित करेंगी और वे मोबाइल तथा अन्य गतिविधियों से हटकर मैदान की ओर आएंगे। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के सम्मान और प्रोत्साहन में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने खिलाड़ियों से अपनी मेहनत जारी रखने और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश के लिए पदक जीतने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button