कैथल में देर रात मुठभेड़ के बाद पंजाब का इनामी बदमाश काबू
कैथल में देर रात मुठभेड़ के बाद पंजाब का इनामी बदमाश काबू
Police Encounter : बीती देर रात कैथल जिले के गुहला थाना क्षेत्र में पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम की एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। गांव बबकपुर के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी कृपाल सिंह उर्फ बल्लू की टांग में गोली लगी। पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब के अलीपुर का रहने वाला है और चोरी व छीनाझपटी के कई मामलों में वांछित था।
आरोपी की ओर से की गई फायरिंग में एक गोली एएसआई अजीत सिंह की छाती पर लगी। एएसआई ने बुलेट प्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे गोली का असर नहीं हुआ और उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें आरोपी के घुटने में गोली लगी और उसे मौके पर ही काबू कर लिया गया।
घायल आरोपी को पहले सीएचसी गुहला ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागरिक अस्पताल कैथल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव बाबकपुर के पास पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कृपाल उर्फ बल्लू, जो चोरी व छीनाझपटी के मामलों में वांछित है, बाबकपुर से रत्ताखेड़ा जाने वाली सड़क के पास जंगल में बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार सहित किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा रेडिंग पार्टी तैयार की गई तथा टीम के कर्मचारियों ने सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ जैकेट पहन ली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर जंगल की तरफ भागने लगा।
पुलिस कर्मचारियों द्वारा उसे रुकने के लिए आवाज लगाई गई, लेकिन आरोपी ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। आरोपी द्वारा चलाई गई गोली एएसआई अजीत सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के घुटने में गोली लगी और उसे मौके पर काबू कर लिया गया। आरोपी द्वारा 4 फायर किए गए तथा 4 फायर पुलिस की तरफ से हुए।
