राज्य

फरीदाबाद के बाल सुधार गृह से तीन बाल बंदी फरार

खिड़की तोड़कर फरार हुए गंभीर मामलों के आरोपी बाल बंदी

Three juvenile inmates escaped : एनआईटी फरीदाबाद स्थित एक महिला एवं बाल विकास विभाग के बाल सुधार गृह से तीन नाबालिग बाल बंदियों के फरार होने का मामला सामने आया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही बाल सुधार गृह की अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि तीनों बाल बंदी बीती देर रात बाथरूम की खिड़की तोड़कर बाहर निकले और मेन गेट से फरार हो गए। फरार हुए तीनों बाल बंदी गंभीर मामलों में बाल सुधार गृह में बंद थे।

बाल सुधार गृह के सूत्रों के मुताबिक फरार हुए तीनों नाबालिगों को अलग-अलग मामलों में बाल सुधार के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधीन रखा गया था। इनमें से दो बाल बंदी वर्ष 2024 से यहां रह रहे थे, जबकि तीसरा वर्ष 2025 से बाल सुधार गृह में था। सूत्रों का कहना है कि तीनों पर गंभीर अपराधों के आरोप हैं और इसी के चलते उन्हें यहां रखा गया था।

बताया जा रहा है कि फरार बाल बंदियों में एक गुरुग्राम, दूसरा मेवात और तीसरा हिसार जिले का रहने वाला है। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं, क्राइम ब्रांच की टीमें भी फरार बाल बंदियों की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस ने इन तीनों बाल-बंदियों के परिवार के लोगों से भी संपर्क स्थापित किया है।

थाना एनआईटी इंचार्ज महावीर ने बताया कि बाल सुधार गृह की तरफ से उनको शिकायत मिली है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है। तीनों नाबालिग किस तरह बाल सुधार गृह से बाहर निकले और सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान फरार बाल बंदियों को जल्द से जल्द तलाशने पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button