बड़े व्यापारियों को मिली बड़ी राहत, रविवार को भी खुले थे बैंक

Bank Strike Update : बैंक यूनियनों ने रविवार को अपनी तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल टाल दी है। यह फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) से उनकी मांगों पर मिले आश्वासन के बाद लिया गया, जिनमें हफ्ते में पांच दिन काम करने की मांग भी शामिल है। बीती आधी रात को यह फैसला लिया गया। बैंकों की एक दिन की हड़ताल के कारण हरियाणा में ही कई हजार करोड़ रुपए का लेनदेन प्रभावित होता है।
सोमवार से शुरू होने वाली इस हड़ताल का आह्वान ‘यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस’ (UFBU) ने किया था। यह हड़ताल बैंकों की छमाही क्लोजिंग (हिसाब-किताब बंद करने) के समय हो रही थी। हड़ताल टलने की वजह से सोमवार को बैंक खुले रहेंगे।
UFBU ने एक बयान में कहा, “बाकी बचे शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श के लिए IBA और UFBU की एक उच्च-स्तरीय समिति तुरंत बनाई जाएगी। यह समिति सभी संभावित विकल्पों पर गौर करेगी, सभी संबंधित पक्षों (स्टेकहोल्डर्स) से चर्चा करेगी और ऐसा समाधान निकालेगी जो सभी पक्षों और सबसे जरूरी, ग्राहकों को मंजूर हो।”

बयान में कहा गया है कि स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI स्कीम के संबंध में, यूनियनों/एसोसिएशनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए स्कीम में बदलाव का प्रस्ताव सरकार को भेजने के लिए IBA के साथ बातचीत शुरू की जा सकती है।
इसमें कहा गया है कि 8 मार्च, 2024 की बैठक के मिनट्स (कार्यवृत्त) में दर्ज बाकी मुद्दों पर भी जल्द समाधान के लिए दोनों पक्षों के बीच चर्चा की जाएगी। UFBU ने आगे कहा कि इन बातों को ध्यान में रखते हुए यह सहमति बनी कि प्रस्तावित आंदोलन और हड़ताल को टाल दिया जाए।
बैंकों की हड़ताल का बड़े व्यापारियों पर बड़ा असर पड़ता है। बैंकों की हड़ताल टलने से व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
