राज्य

दिवाली और छठ पर यूपी पुलिस अलर्ट! योगी ने जारी किए कड़े निर्देश

UTTAR PARDESH NEWS(India 365 news);   उत्तर प्रदेश में त्योहारों को देखते हुए योगी सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। यूपी में सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव दीपावली छठ और देव दीपावली को देखते हुए शासन से लेकर थानों तक तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी पर मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि त्योहार खुशियों और भाईचारे के साथ मनाए जाने चाहिए। किसी भी तरह की गड़बड़ी या माहौल खराब करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अराजक और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सीएम योगी ने लखनऊ में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश की कानून व्यवस्था और त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाजारों में 24 घंटे पुलिस की निगरानी रखी जाए। धनतेरस और दीपावली के दौरान प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे लगातार चालू रहें। पीआरवी 112 की गाड़ियां भी हर समय सक्रिय रखी जाएं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भी खास नजर रखने को कहा है। उनका कहना है कि अफवाह फैलाने या गलत जानकारी देकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। धार्मिक स्थलों और प्रमुख मंदिरों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अयोध्या में 7 नवंबर को होने वाले दीपोत्सव को लेकर भी तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा के साथ उनकी सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने को कहा है। इसके लिए यातायात व्यवस्था और रूट डायवर्जन की योजना पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

पटाखों की दुकानों को घनी आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर लगाने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को भी जरूरी उपकरणों के साथ 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश मिले हैं।

इसके अलावा त्योहारों में बिजली और पीने के पानी की कमी नहीं होनी चाहिए। ग्रामीण और शहरी इलाकों में लगातार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया है।

किसानों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यूरिया और डीएपी खाद की जमाखोरी करने वालों पर कार्रवाई हो। धान खरीद केंद्रों पर किसानों को परेशानी न हो और उनकी फसल की तौल सही तरीके से की जाए।

कुल मिलाकर सरकार त्योहारों के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर कोई लापरवाही नहीं चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button