पंजाब के बुलापुर में कथित गौहत्या का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार, छह के खिलाफ केस दर्ज

पंजाब के अमरगढ़ थाना क्षेत्र के निकट स्थित बुलापुर गांव में कथित गौहत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस के अनुसार, किसान सुखचरण सिंह की सूचना पर पुलिस टीम ने खेतों के बीच बने एक मकान और पशुओं के बाड़े में छापेमारी की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि परिसर में बेसहारा गौवंश लाकर अवैध रूप से काटा जाता है और उसका मांस आगे बेचा जाता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
दो आरोपी गिरफ्तार, कई सामान बरामद
पुलिस ने छापेमारी के दौरान मोहम्मद असलम और उसके दामाद सबाव को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, परिसर से लगभग दो क्विंटल कथित गौमांस, गौवंश के अवशेष, मांस काटने में इस्तेमाल होने वाले औजार तथा दो जीवित गायें बरामद की गईं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है।

छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
थाना अमरगढ़ के एसएचओ सब इंस्पेक्टर जगसीर सिंह ने बताया कि इस मामले में अमनदीप सिंह, मोहम्मद असलम, लियाकत उर्फ काका, सबाव, सुहेल और सलीम के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कर छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों और हिंदू गौ रक्षा दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। संगठन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन की मौजूदगी में बरामद अवशेषों का अंतिम संस्कार किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
