पंजाब चुनाव 2027 में BJP गठबंधन पर क्या करेगी फैसला? 117 सीटों पर तैयारी

Punjab News(India365news): पंजाब चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी फिलहाल राज्य की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि गठबंधन के सवाल पर बीजेपी ने अपने दरवाजे पूरी तरह बंद नहीं किए हैं। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने साफ कहा है कि अगर गठबंधन को लेकर कोई बातचीत होती है तो अंतिम फैसला पार्टी का हाईकमान करेगा और प्रदेश इकाई उस फैसले को मानेगी।
चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान केवल सिंह ढिल्लों ने पार्टी की चुनावी रणनीति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी हमारा पूरा ध्यान सभी 117 सीटों पर संगठन और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने पर है। पार्टी हर सीट पर अपनी तैयारी कर रही है। आगे गठबंधन को लेकर कोई फैसला होता है तो हाईकमान के निर्देश के हिसाब से काम किया जाएगा।
ढिल्लों ने पार्टी के घोषणापत्र को लेकर भी बड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बीजेपी ने अपना घोषणा पत्र तैयार करने के लिए QR कोड और हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इसके जरिए आम लोग अपने सुझाव और समस्याएं पार्टी तक पहुंचा सकेंगे। उनका कहना है कि पार्टी का घोषणापत्र नेताओं की पसंद से नहीं बल्कि आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य पंजाब को खुशहाल बनाना है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास कर रहा है। अगर पंजाब में भी बीजेपी की सरकार बनती है तो केंद्र और राज्य के बीच बेहतर तालमेल से विकास के काम तेजी से हो सकेंगे। ढिल्लों ने यह भी भरोसा दिया कि राज्य में बीजेपी की सरकार आने पर पहले से चल रही किसी योजना को बंद नहीं किया जाएगा।
इससे पहले 19 नवंबर को केवल सिंह ढिल्लों ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर भी निशाना साधा था। उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर पंजाब के संसाधनों का गलत इस्तेमाल करने और अलग अलग क्षेत्रों में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि राज्य पर कर्ज का बोझ काफी बढ़ गया है।
ढिल्लों के मुताबिक पंजाब पर करीब 60 साल में 2 लाख 62 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था जो आम आदमी पार्टी की सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में बढ़कर करीब 5 लाख करोड़ रुपये हो गया है।
फिलहाल पंजाब चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी सभी सीटों पर अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है। अब देखना होगा कि चुनाव नजदीक आने पर पार्टी अकेले मैदान में उतरती है या गठबंधन को लेकर कोई नया फैसला सामने आता है।
