राज्य

कानपुर में सर्राफ की दुकान से 50 लाख का बैग गायब, पुलिस जांच में जुटी

उत्तर प्रदेश के कानपुर के काकादेव थाना क्षेत्र में एक सर्राफ की दुकान से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नकदी से भरा बैग गायब होने का मामला सामने आया है। पीड़ित सर्राफ देवेंद्रनाथ वर्मा के अनुसार, शनिवार शाम दुकान बंद करने के दौरान उन्हें बैग गायब मिला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत यूपी-112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया।

400 ग्राम सोना, 1 किलो चांदी और 50 हजार रुपये थे बैग में

देवेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि वह विजय नगर स्थित अपनी ज्वेलरी और कपड़ों की दुकान पर अकेले बैठते हैं। शनिवार शाम करीब चार बजे उन्होंने दुकान खोली थी। लगभग एक घंटे बाद वह दुकान खुली छोड़कर शौचालय चले गए। रात करीब आठ बजे दुकान बंद करने लगे तो देखा कि उनका काले रंग का बैग गायब है। बैग में लगभग 400 ग्राम सोने के जेवर, एक किलोग्राम चांदी और 50 हजार रुपये नकद रखे थे।

कानपुर में सर्राफ की दुकान से 50 लाख का बैग गायब, पुलिस जांच में जुटी

पुलिस को युवक पर शक, कई दिनों से आ रहा था दुकान पर

सर्राफ ने पुलिस को बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से एक युवक लगातार उनकी दुकान पर आ रहा था। उसने खुद को विजय नगर का निवासी बताया था और दुकान से कपड़े भी खरीदे थे। पुलिस अब इस युवक की भूमिका की भी जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद रविवार सुबह एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह और एसीपी स्वरूप नगर रुचि श्री मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

CCTV नहीं होने से पुलिस को मामला लग रहा संदिग्ध

पुलिस ने शुरुआती जांच में इस मामले को संदिग्ध माना है क्योंकि ज्वेलरी की दुकान में कोई CCTV कैमरा नहीं लगा था। अधिकारियों के अनुसार, दुकान और आसपास के क्षेत्रों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button