हरियाणा के 150 स्कूलों के लिए 400 करोड़ किए जारी, गरीब परिवारों को पक्की छत के लिए मिलेंगे 80 हजार

Seva Sankalp Abhiyan : सेवा संकल्प अभियान के पांचवें दिन आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश के 150 स्कूलों के भवनों का पुनर्निर्माण जल्द शुरू होगा। सरकार ने इसके लिए 400 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर स्कूल भवनों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिलेगा और प्रदेश के युवा विकसित भारत के निर्माण में योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कच्ची छत वाले मकानों में रहने वाले पात्र परिवारों को पक्की छत बनवाने के लिए 80 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके लिए जल्द ही विशेष ऑनलाइन पोटर्ल के माध्यम से आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। लाडवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बीर खेरी गांव में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये और ग्राम पुस्तकालय के लिए 2 लाख रुपये की पुस्तकों की घोषणा की। अंतेदी गांव में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा श्मशान घाट के सौंदर्यीकरण की घोषणा की गई। बरगत जतन और बरगत थालीपुर में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये, पुस्तकालयों के लिए 2 लाख रुपये और शिव मंदिर के लंगर हॉल के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों की मांगों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने हर गांव में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की है। 18 लाख रुपये तक की वार्षिक आय वाले परिवारों को 2 किलोवाट के सोलर पैनल मुफ्त देने की योजना का भी उन्होंने उल्लेख किया। इसके अलावा गुर्दे के मरीजों के लिए मुफ्त डायलिसिस और आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपये तक के निशुल्क इलाज की सुविधा की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन ने सहायता केंद्र स्थापित किए। सेवा संकल्प अभियान के तहत कालीरानो और सुल्तानपुर गांवों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। यहां लोगों की शिकायतें सुनी गईं और सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों से आवेदन लिए गए। पीएम सूर्य घर योजना, ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, परिवार पहचान पत्र, आयुष, स्वास्थ्य, पीएम मातृ वंदना योजना और एमएसएमई विभाग ने लोगों को योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीना, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
