राज्य

राव नरेंद्र सिंह ने कहा समर्पित और जवाबदेह कार्यकर्ता ही कांग्रेस की असली ताकत

Congress News : हरियाणा कांग्रेस मामलों के प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि जमीनी स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता ही मजबूत संगठन की बुनियाद हैं। कांग्रेस का ढांचा गांव, वार्ड और बूथ तक सक्रिय होना चाहिए। प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी आवाज बने तथा पार्टी के संगठनात्मक कार्यक्रमों को आपसी समन्वय और पूरी गंभीरता के साथ आगे बढ़ाए। वे सोमवार को हरियाणा के टोहाना और रतिया में आयोजित ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अधिवेशनों को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर टोहाना के विधायक परमवीर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि उसे सक्रिय, जवाबदेह और जनहित के लिए संघर्ष करने वाला संगठन बनाना है। कार्यकर्ता आम लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करें, स्थानीय समस्याओं की जानकारी लें और संगठन के माध्यम से उनके समाधान के लिए प्रयास करें।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद और उनकी सक्रिय भागीदारी ही संगठन को मजबूती प्रदान करती है। पार्टी गांव से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। हर स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने के साथ उनकी जवाबदेही भी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और विद्यार्थियों के सुख-दुख में भागीदार बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन के माध्यम से ही जनहित से जुड़े मुद्दों की लड़ाई को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा सकता है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा समर्पित और जवाबदेह कार्यकर्ता ही कांग्रेस की असली ताकत

सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसानों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, मजदूरों तथा समाज के अन्य वर्गों की समस्याओं और अधिकारों की आवाज पूरी मजबूती से उठानी चाहिए। कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी परेशानियों को समझें और गांव, ब्लॉक तथा जिला स्तर पर उन्हें उचित मंच तक पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाएं। कुमारी सैलजा ने कहा कि आज किसान, युवा और विद्यार्थी अनेक गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। रोजगार, शिक्षा, खेती-किसानी और जनसुविधाओं से जुड़े सवालों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के साथ खड़ा होना होगा। संगठन तभी मजबूत बनेगा, जब अधिक से अधिक कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी निभाते हुए जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करेंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता पार्टी और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी है। प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र के लोगों से नियमित संवाद रखना चाहिए तथा उनकी समस्याओं को पार्टी संगठन के माध्यम से सरकार और प्रशासन के सामने प्रभावी ढंग से उठाना चाहिए। उन्होंने संगठन में सभी वर्गों की भागीदारी बढ़ाने और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी के साथ आगे लाने पर भी जोर दिया।

सम्मेलनों की अध्यक्षता फतेहाबाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंद शर्मा ने की। टोहाना ब्लॉक सम्मेलन का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरबंस लाल और रतिया सम्मेलन का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरसेवक सिंह ने किया। कार्यक्रमों में नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button