राज्य

उटावड़ में पटाखों की फैक्टरी में विस्फोट, दो बच्चे गंभीर घायल

46 किलो संदिग्ध विस्फोटक बरामद, बिना लाइसेंस पटाखे बनाने का आरोप में दो के खिलाफ मामला दर्ज

Blast : हथीन उपमंडल के बडे गांव उटावड़ में पीली मस्जिद के पास शुक्रवार रात पटाखों के वेस्ट में विस्फोटक पदार्थ फटने से दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को उपचार के लिए नूहं स्थित नल्लड मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने शनिवार को इस मामले में इरफान और जुबैर के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 9बी के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को अरेस्ट करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है और जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा।

घटना की सूचना मिलते ही उटावड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच करते हुए खेत में बने टीन के छप्पर से 46 किलोग्राम संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ और 215 किलोग्राम कोयला बरामद हुआ है। इसके अलावा एक मकान से पटाखों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले खाली माचिस पटाखों के 60 कार्टन भी मिले। इससे पहले भी उटावड, कोट, घाघोट, महेशपुर में विस्फोटक पदार्थ मिल चुके हैं।

उटावड़ थाना पुलिस इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार का कहना है कि घायल बच्चों की पहचान उटावड निवासी फरयान (10) पुत्र रहीस और रिहान (11) पुत्र शौकीन के रूप में हुई है। फरयान की मेडिकल रिपोर्ट में छह चोटें दर्ज की गई हैं और चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया, जबकि रिहान को उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया।

पुलिस की जांच में सामने आया कि उटावड निवासी इरफान और जुबैर बिना किसी अनुमति और लाइसेंस के विस्फोटक पदार्थ रखकर माचिस मार्का पटाखे बना रहे थे। पुलिस टीम ने घायल बच्चों के परिजनों की निशानदेही खेत में बने टीन के छप्पर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान नौ प्लास्टिक कट्टों में करीब 46 किलोग्राम विस्फोटक पदार्थ तथा आठ कट्टों में करीब 215 किलोग्राम कोयला बरामद हुआ। पटाखे बनाने के स्थान पर सुरक्षा के कोई प्रबंध नहीं थे। पटाखों के वेस्ट को जोहड के समीप डाला गया जहां विस्फोट हुआ।

पुलिस ने बरामद सामग्री के नियमानुसार नमूने लेकर शेष सामान सहित सील कर कब्जे में लिया। सूचना के आधार पर नुरू के घर की तलाशी ली गई, जहां से विस्फोटक पदार्थ से बनने वाले खाली माचिस पटाखों के 60 कार्टन बरामद किए गए।

पुलिस ने शनिवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button