
Haryana BJP : हरियाणा भाजपा के लिए 7 अक्तूबर काफी महत्वपूर्ण रहने वाला है। इस दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के प्रदेश प्रभारी तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और सह प्रभारी भोलाराम सेवा ज्योति यात्रा में अलग-अलग जिलों में शिरकत करेंगे। अमित शाह कुरुक्षेत्र, स्मृति ईरानी जींद और भोलाराम करनाल में कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
हरियाणा भाजपा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प माह के रूप में आयोजित कर रही है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन था। 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने वाले हैं ऐसे में भाजपा के नजरिए से यह दिन काफी बड़ा है।

तीनों नेताओं के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यक्रमों को भाजपा की जमीनी पकड़ मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
मोदी की बैठक के तुरंत बाद संगठन का फील्ड एक्शन
खास बात यह है कि 7 अक्तूबर के ये कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सहित हरियाणा के सभी 48 भाजपा विधायकों के साथ हुई बैठक के ठीक चार दिन बाद हो रहे हैं। बैठक में विधायकों को जनता के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने तथा सामान्य विकास कार्यों के साथ-साथ ऐसे स्थायी सामाजिक कार्य करने का संदेश दिया गया था, जिनसे उनकी अलग पहचान बने। अब इसके तुरंत बाद भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचना पार्टी के संदेश को संगठन के निचले स्तर तक ले जाने की कवायद माना जा रहा है।
