17 जुलाई को PM मोदी करेंगे देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन, सीएम सैनी ने बताया ऐतिहासिक दिन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि 17 जुलाई राज्य के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन साबित होगा। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद पहुंचकर देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं से हरियाणा में आधारभूत ढांचे, परिवहन और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
इको-फ्रेंडली होगी प्रधानमंत्री की रैली
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने जींद पहुंचे मुख्यमंत्री ने बताया कि यह रैली पूरी तरह पर्यावरण-अनुकूल होगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में इलेक्ट्रिक बसों, सीएनजी वाहनों, ई-रिक्शा, इलेक्ट्रिक स्कूटी और साइकिल के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने के आह्वान को हरियाणा सरकार व्यवहारिक रूप से लागू करने का प्रयास कर रही है।

रेलवे स्टेशन और रैली स्थल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सबसे पहले जींद रेलवे जंक्शन और हाइड्रोजन प्लांट का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ परियोजना की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने एकलव्य स्टेडियम में रैली स्थल का जायजा लिया और फिर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में करीब दो घंटे तक अधिकारियों एवं पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, रैली संयोजक संजय भाटिया, संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने 17 जुलाई तक शहर में विशेष रूट डायवर्जन लागू किया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी जींद पहुंचकर तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने चानौत गांव के पेयजल मुद्दे पर भी कहा कि सरकार हर घर तक पानी पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और वहां जल्द पाइपलाइन के माध्यम से स्थायी जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
