भिवानी की शिक्षिका मनीषा मामले में पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर का बड़ा दावा

Paranormal investigator Suraj Kumar : भिवानी की महिला शिक्षक मनीषा की मौत के मामले में सीबीआई अदालत में क्लोजर रिपोर्ट पेश कर चुकी है और परिवार ने इसे पूरी तरह से नकार दिया है लेकिन एक नए घटनाक्रम में पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर पश्चिम बंगाल निवासी सूरज कुमार ने मनीषा की आत्मा से बात करने का दावा करते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड किया है।
इस वीडियो में सूरज कुमार ने दावा किया है कि मनीषा की आत्मा ने उन्हें बताया है कि उसकी हत्या की गई है और हत्या करने वाले लोगों की संख्या चार थी। मनीषा की आत्मा ने यह भी दावा किया है कि जिन लोगों ने उसकी हत्या की है वह पकड़े नहीं जाएंगे। मनीषा की आत्मा ने कहा कि वह लोग खुलेआम घूम रहे हैं। आत्मा ने अपनी फैमिली को मिस करने की बात भी कही।
(हम लोग सूरज कुमार के दावे की पुष्टि नहीं करते हैं। जो लोग भूत प्रेत और आत्मा को मानते हैं उनकी सोच और मान्यताओं के बारे में हम लोग कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते)
क्या है मामला
भिवानी जिले के गांव ढाणी लक्ष्मण की रहने वाली मनीषा 11 अगस्त 2025 को प्ले स्कूल में ड्यूटी के लिए निकली थी। इसके बाद उसे नर्सिंग कॉलेज में एडमिशन के लिए जाना था, लेकिन वह घर नहीं लौटी। 13 अगस्त को सिंघानी गांव के खेतों में उसका शव मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया। 18 अगस्त 2025 को पुलिस ने जब मामले को सुसाइड बताया तो ग्रामीण और परिजन भड़क गए और धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। दबाव में दिल्ली एम्स में मनीषा का तीसरी बार पोस्टमॉर्टम कराया गया। लगातार बढ़ते जनाक्रोश के बाद 26 अगस्त 2025 को जांच सीबीआई को सौंप दी गई थी। सीबीआई स्पेशल क्राइम-II (नई दिल्ली) ने 10 अगस्त को मनीषा के पिता संजय को पत्र भेजकर जानकारी दी कि जांच पूरी हो चुकी है। एजेंसी ने पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अदालत में मामले की क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर इसे आत्महत्या माना है।

क्या कहते हैं मनीषा के पिता संजय
मनीषा के पिता संजय ने कहा था कि हम इसे आत्महत्या नहीं मान रहे। सीबीआई के पास कोई सबूत नहीं है, जिससे लगे कि ये सुसाइड था। उन्होंने इस मामले को सुप्रीम कोर्ट पर ले जाने की बात भी कही थी। इस मामले को अदालत में चुनौती देने के लिए वकीलों से बात भी की गई है।
क्या कहते हैं सूरज कुमार
पश्चिम बंगाल के एक यूट्यूबर और पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेटर के रूप में जाने जाने वाले सूरज कुमार ने दावा किया है कि उन्होंने मनीषा की आत्मा से बात की है। सूरज कुमार ने वीडियो में दावा किया कि करीब 6 महीने से उनके पास दर्शकों की रिक्वेस्ट आ रही थी कि वे मनीषा की आत्मा से संपर्क करें। उससे सवाल पूछें। सूरज के मुताबिक, किसी आत्मा से बात करने के लिए उसके स्तर के सवाल तैयार करने पड़ते हैं। उन्होंने दावा किया कि वे दर्शकों की मांग पर ऐसा जोखिम उठाते हैं। इसके बाद आत्मा से संपर्क किया गया।
डिस्क्लेमर में लिखा- इन्वेस्टिगेशन के लिए बनाया
सूरज ने अपनी फेसबुक पोस्ट में एक डिस्क्लेमर भी दिया है। इसमें लिखा- यह वीडियो पैरानॉर्मल इन्वेस्टिगेशन, मनोरंजन और रिसर्च के उद्देश्य से बनाया गया है। स्पिरिट कम्युनिकेशन के दावे वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित नहीं हैं। वीडियो में दिखाए गए रिस्पॉन्स को दर्शक अपने विवेक के अनुसार समझें और उसकी व्याख्या करें।
