राजनीतिराज्य

भाजपा नेता जाहिद हुसैन बाई से मांगी 5 करोड़ की फिरौती

Threat Call : नूंह जिले में भाजपा नेता को गैंगस्टर के नाम पर फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन बाई को फोन कर खुद को लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। आरोपी ने एक बार नहीं बल्कि दो बार कॉल कर धमकी दी।

जाहिद हुसैन बाई ने मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन को दे दी है। उन्होंने बताया कि देर शाम उन्हें पहला धमकी भरा कॉल आया, जिसकी सूचना उन्होंने एसपी को दी। इसके बाद दोबारा कॉल कर हां या ना में जवाब देने की धमकी दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कॉल उत्तर प्रदेश से किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाजपा नेता जाहिद हुसैन बाई से मांगी 5 करोड़ की फिरौती

यह जिले में पहला मामला बताया जा रहा है, जब किसी भाजपा नेता को किसी गैंग के नाम पर इस तरह की धमकी और फिरौती की मांग की गई हो। जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में जाहिद हुसैन बाई ने कहा कि उन्होंने शिकायत दे दी है, लेकिन उन्हें इस बात का कोई खौफ नहीं है।

उन्होंने फोन करने वाले को भी साफ कह दिया कि वह फिरौती के रूप में कोई रकम नहीं देंगे और इस तरह की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। धमकी के बावजूद जाहिद हुसैन सोमवार को लघु सचिवालय नूंह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में शामिल हुए। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है।

पिछले कुछ समय से हरियाणा में अनेक स्थानों पर बदमाशों द्वारा धमकियां दी गई है। पुलिस ने इन मामलों में कुछ लोगों की गिरफ्तारियां भी की है। इस मामले में भी पुलिस ने प्रारंभिक जांच में कॉल यूपी से आने की संभावना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button