राज्य

अंबाला में नमो रन, विकास की प्रतीक सड़क और भवनों पर सरसों के तेल से जगमगाएंगे दीए

Happy Birtday to Narender Modi : हरियाणा सरकार ने कल देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को लेकर बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद एक-एक चीज को देख रहे हैं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के मद्देनज़र समीक्षा बैठक की। कल 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में अभियान चलाया जाएगा। प्रदेश की सभी सांस्कृतिक और विकास प्रतीकों पर आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित होगा।

कल सुबह अंबाला में नमो मैराथन से अभियान का आगाज होगा। कल दोपहर भगवान विश्वकर्मा जयंती कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना 1.80 की शुरुआत होगी। इसके बाद प्रदेश में 1.80 लाख तक की पारिवारिक आय वाली महिलाओं को दीन दयाल लाड़ो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा। कल महेंद्रगढ़ से ही मुख्यमंत्री कई विकास कार्यों की शुरुआत भी करेंगे। कल शाम ब्रह्मसरोवर के पावन तट पर गीता आरती का आयोजन होगा। ब्रह्मसरोवर पर ही मेगा ड्रोन शो का भी आयोजन किया जाएगा।

अंबाला में नमो रन, विकास की प्रतीक सड़क और भवनों पर सरसों के तेल से जगमगाएंगे दीए

प्रदेश भर में कल 17 सितंबर की शाम को विकास कार्यों पर दीयों की रोशनी नजर आएगी। प्रदेश में पिछले 12 वर्षों के दौरान तैयार की गई नई विकास संरचनाओं को इस आयोजन का केंद्र बनाया जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी और लोक निर्माण विभाग की ओर से इन स्थानों पर मिट्टी के दीये जलाकर सेवा, समर्पण और जनकल्याण का संदेश दिया जाएगा। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को आयोजन की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेशभर में नई विकास संरचनाओं को चिन्हित कर वहां सरसों के तेल से बड़ी संख्या में मिट्टी के दीये जलाए जाएंगे। इनमें नए भवन, राउंडअबाउट, अस्पताल, वाटर वर्क्स, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, सड़कें, पुल और फ्लाईओवर शामिल होंगे। आयोजन को सब-डिवीजन, डिवीजन और सकर्ल स्तर तक ले जाया जाएगा।

इस बीच अंबाला शहर में कल 17 सितंबर को नमो रन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मशहूर कलाकार अमित सैनी और कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शिरकत करेंगे। इस आयोजन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आज अंबाला के एसपी अजीत सिंह शेखावत ने पुलिस अधिकारियों संग मौके का जायजा लिया, वहीं सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर डीएसपी कुलदीप सिंह ने बताया कि 4.5 किलोमीटर के पूरे मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा तैनात रहेगी। इस रूट पर कम से कम 15 विशेष नाके लगाए गए हैं। यह विशेष रूट कल सुबह 5:00 बजे से मैराथन के लिए रिजर्व रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button