मोतिहारी में 10 दिन तक पुलिस की वर्दी पहन करता रहा ड्यूटी, फिर सामने आई चौंकाने वाली सच्चाई

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर पिछले करीब 10 दिनों से पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी कर रहे एक युवक को नगर थाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवक की पहचान पवन कुमार के रूप में हुई है, जो राजेपुर थाना क्षेत्र के इस्माइल गांव का रहने वाला है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने दावा किया कि वह पुलिस में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का शिकार हुआ है।
सिपाही की नौकरी दिलाने के नाम पर 4 लाख रुपये लेने का आरोप
पुलिस पूछताछ में पवन ने बताया कि वह पहले महाराष्ट्र में मजदूरी करता था। उसकी मां की मुलाकात एक व्यक्ति से हुई, जिसने पटना सचिवालय में पहचान होने का दावा करते हुए पुलिस में सिपाही की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद कथित तौर पर उसे पटना ले जाया गया, जहां कुछ लोगों ने नौकरी दिलाने के बदले 4 लाख रुपये मांगे। पवन के अनुसार, उसने एक लाख रुपये ऑनलाइन और बाकी नकद देकर कुल चार लाख रुपये का भुगतान किया।

‘नौकरी लग गई’ कहकर स्टेशन पर भेज दिया गया
युवक का कहना है कि करीब 15 दिन पहले उसे बताया गया कि उसकी नियुक्ति हो चुकी है और उसे बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी करने भेज दिया गया। वह रोज मुजफ्फरपुर से मोतिहारी आता, पुलिस की वर्दी पहनकर ड्यूटी करता और शाम को वापस लौट जाता था। उसके अनुसार उसे पूरा विश्वास था कि वह वास्तव में पुलिस विभाग में नियुक्त हो चुका है।
पुलिस कर रही गिरोह की जांच
सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने जांच कर युवक को हिरासत में लिया। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी करने वाले गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवक को पुलिस की वर्दी और अन्य सामग्री किसने उपलब्ध कराई। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
