E20 पेट्रोल पर केजरीवाल का PM मोदी को पत्र, दो विकल्प और सस्ती कीमत की मांग

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने E20 पेट्रोल के मुद्दे पर एक बार फिर केंद्र सरकार से मांग उठाई है। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि देश के हर पेट्रोल पंप पर सामान्य पेट्रोल और E20 पेट्रोल दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही उन्होंने E20 पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखने की मांग भी की है।
E20 पेट्रोल के खिलाफ सिग्नेचर कैंपेन शुरू
केजरीवाल ने इस मुद्दे पर जनता की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक ऑनलाइन सिग्नेचर कैंपेन शुरू करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नाम एक याचिका तैयार की गई है, जिस पर लोग हस्ताक्षर कर अपनी राय दर्ज कर सकते हैं। उनका कहना है कि लोगों के सुझाव और हस्ताक्षर प्रधानमंत्री तक पहुंचाए जाएंगे ताकि इस मुद्दे पर व्यापक चर्चा हो सके।

वाहन कंपनियों से भी मांगा था जवाब
इससे पहले अरविंद केजरीवाल देश की 29 वाहन निर्माता कंपनियों को भी पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने कंपनियों से पूछा था कि क्या 2023 से पहले बने वाहन E20 पेट्रोल के उपयोग के लिए पूरी तरह उपयुक्त हैं। उनका कहना है कि इस संबंध में वाहन मालिकों के बीच स्पष्ट जानकारी होना जरूरी है।
जनता से मांगे सुझाव, सोनम वांगचुक का भी किया जिक्र
केजरीवाल ने लोगों से अपील की कि वे E20 पेट्रोल के मुद्दे पर अपनी राय साझा करें और इस विषय पर अधिक से अधिक जागरूकता फैलाएं। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर इस विषय को उठाने का भी आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की और कहा कि वह उन्हें समर्थन देने भी जाएंगे।
