राजनीतिराज्य

बांकीपुर उपचुनाव: अभिषेक कुमार की उम्मीदवारी वापसी पर कांग्रेस का हमला, चारा घोटाले का उठाया मुद्दा

बिहार की बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अभिषेक कुमार द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। अभिषेक कुमार ने निजी और पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया। हालांकि, इस फैसले के बाद कांग्रेस ने इसे चर्चित चारा घोटाले से जोड़ते हुए बीजेपी पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस ने बीजेपी पर उठाए सवाल

बिहार कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ऋषि मिश्रा ने आरोप लगाया कि अभिषेक कुमार के परिवार का नाम चारा घोटाले से जुड़ा रहा है और इसी वजह से बीजेपी ने अपना उम्मीदवार बदल दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह तथ्य पहले से मौजूद था तो पार्टी ने उम्मीदवार घोषित करने से पहले उनका बैकग्राउंड वेरिफिकेशन क्यों नहीं किया। ऋषि मिश्रा ने यह भी कहा कि यदि भ्रष्टाचार ही उम्मीदवार बदलने का आधार है, तो अन्य दलों से आए नेताओं पर बीजेपी का अलग रवैया क्यों है।

बांकीपुर उपचुनाव: अभिषेक कुमार की उम्मीदवारी वापसी पर कांग्रेस का हमला, चारा घोटाले का उठाया मुद्दा

हार के डर से उम्मीदवार बदलने का आरोप

कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि बीजेपी को बांकीपुर सीट पर हार की आशंका है, इसलिए अंतिम समय में उम्मीदवार बदलने का फैसला लिया गया। उनके इस बयान के बाद बिहार की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। हालांकि, बीजेपी की ओर से कांग्रेस के इन आरोपों पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

अभिषेक कुमार ने बताई नाम वापसी की वजह

उम्मीदवारी वापस लेने के बाद अभिषेक कुमार ने कहा कि वे पूरी तरह निजी और पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र देकर अपना निर्णय साझा किया है। साथ ही उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आगे भी भारतीय जनता पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में पूरी निष्ठा के साथ काम करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button