
इंडिगो की एक फ्लाइट में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा के खिलाफ कथित नारेबाजी का मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ यात्रियों द्वारा उनके खिलाफ नारे लगाने का दावा किया जा रहा है। यह घटना बीते गुरुवार (07 मई, 2026) को सामने आई, जिसके बाद महुआ मोइत्रा ने खुद भी वीडियो को अपने एक्स अकाउंट से साझा किया।
जेडीयू मंत्री अशोक चौधरी ने घटना को बताया गलत
इस मामले पर जेडीयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने शुक्रवार को प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि फ्लाइट के अंदर किसी भी यात्री के साथ इस तरह का व्यवहार बिल्कुल गलत है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस घटना में शामिल हैं, उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। अशोक चौधरी ने साफ कहा कि विमान जैसी संवेदनशील जगह पर इस तरह की हरकतें स्वीकार नहीं की जा सकतीं और यह सुरक्षा मानकों का उल्लंघन भी हो सकता है।

बंगाल हिंसा और चुनाव परिणामों पर भी दिया बयान
इसी बातचीत के दौरान अशोक चौधरी ने पश्चिम बंगाल में बढ़ती हिंसा की घटनाओं पर भी चिंता जताई। उन्होंने भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। चौधरी ने यह भी कहा कि बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती लंबे समय तक रहनी चाहिए क्योंकि चुनावी नतीजों के बाद वहां अशांति की आशंका पहले से जताई जा रही थी।
ममता बनर्जी पर तीखा राजनीतिक हमला
अशोक चौधरी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को चुनावी हार को स्वीकार करना चाहिए क्योंकि जनादेश टीएमसी के खिलाफ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता सरकार को अनाप-शनाप बयानबाज़ी से बचना चाहिए और जनता के फैसले का सम्मान करना चाहिए। चौधरी ने दावा किया कि वर्तमान जनादेश भाजपा के पक्ष में है और इसे सभी को स्वीकार करना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि वे हाल ही में अपने विभाग का कार्यभार संभाल चुके हैं और खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग में पारदर्शी और प्रभावी कामकाज उनकी प्राथमिकता होगी।
