राज्य

पानीपत कोर्ट में वकील पर हमला, दो लोगों ने चाकू से किया वार

एक आरोपी को वकीलों ने पीछा कर पकड़ा, दूसरा फरार

Attack on Advocate in Panipat Court : पानीपत कोर्ट परिसर में एक वकील पर दो लोगों ने हमला कर घायल कर दिया। वकील अपने भाई और पिता के साथ एक मामले में कोर्ट में पेशी पर हाजिरी लगाने के लिए आया था। इसी दौरान कोर्ट परिसर के अंदर हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें पिस्टल दिखाई और चाकू से उन पर वार किए। इस वारदात एडवोकेट नवीन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हमलावरों ने भागने की कोशिश की, लेकिन प्रोटेस्ट कर रहे वकीलों ने पीछा कर एक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया। इसके बाद सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। जल्द कार्रवाई को लेकर बार के प्रधान ने एसपी से बातचीत की है।

घायल वकील के भाई प्रवीण रावल के मुताबिक, नवीन रोज की तरह कोर्ट में अपनी केस की तारीख और हाजिरी लगाने पहुंचे थे। उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि अदालत की चौखट पर ही उन पर इस तरह का हमला हो जाएगा।

दिनदहाड़े और वकीलों के प्रदर्शन के बीच हुई इस वारदात से बार एसोसिएशन में भी भारी नाराजगी है। वकीलों का कहना है कि अगर न्याय के मंदिर के भीतर ही वकील सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा?

पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी, हमलावरों की धरपकड़ तेज

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अदालत परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरी घटना की कड़ियों को जोड़ा जा सके और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस हो सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पानीपत जिला अदालत परिसर में हुई इस घटना को कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली माना जा रहा है। भारी सुरक्षा वाले कोर्ट परिसर में दाखिल होकर दबंगों ने एक प्रैक्टिसिंग एडवोकेट पर जानलेवा हमला कर दिया। वारदात के वक्त कोर्ट परिसर के मुख्य गेट पर तमाम वकील कामकाज ठप कर धरने पर बैठे हुए थे।

गेट के ठीक सामने हुई इस खूनी झड़प से वकीलों में भारी रोष फैल गया। आनन-फानन में घायल वकील को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

अस्पताल में उपचाराधीन एडवोकेट नवीन रावल ने पुलिस को दिए बयानों में आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया कि जब वे कोर्ट में दाखिल हो रहे थे, तभी घात लगाए आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने पहले पिस्टल निकालकर डराने की कोशिश की और फिर अचानक धारदार चाकू से उनकी गर्दन पर वार कर दिया। हमले में अत्यधिक खून बहने से वे वहीं गिर पड़े। पीड़ित एडवोकेट ने इस हमले का सीधा आरोप रवींद्र गोयल और उनके भाई पंकज पर लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button