आधी रात को मंत्री पहुंचे करनाल की अनाज मंडी, खरीद व्यवस्था का लिया जायजा

Surprise Visit of Agriculture Minister : बीते साल धान की खरीद के समय करनाल में बड़ा घोटाला देखने को मिला था। धान की खरीद शुरू होते ही कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार रात करीब 11 बजे करनाल की नई अनाज मंडी का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के देर रात मंडी पहुंचने से अधिकारियों में भी हलचल मच गई। उन्होंने मंडी सचिव विकास सैनी समेत अन्य अधिकारियों और आढ़ती संगठन के पदाधिकारियों से खरीद व्यवस्था की जानकारी ली।

कृषि मंत्री ने कहा कि पिछली बार की तरह किसी तरह का घोटाला न हो, इसके लिए इस बार व्यवस्था में बदलाव किया गया है। अब किसान के मंडी पहुंचने के बाद ही गेट पास काटा जाएगा। किसान घर बैठे गेट पास नहीं कटवा सकेगा। इससे मंडी में आने वाले वास्तविक किसानों और उनकी फसल का रिकॉर्ड सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
मंत्री ने अधिकारियों से मंडी में किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को उनकी फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न होने देना है। खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
बारिश से कटाई प्रभावित
मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि बारिश के कारण फिलहाल धान की कटाई का काम प्रभावित हुआ है। मौसम साफ होने के बाद कटाई में तेजी आने की उम्मीद है। उन्होंने अधिकारियों को खरीद व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मंडी में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
