त्विषा शर्मा केस में नया मोड़, आरोपी सास के घर देर रात चोरी की कोशिश से मचा हड़कंप

भोपाल के चर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले में उस समय नया मोड़ आ गया, जब आरोपी सास और सेवानिवृत्त जिला जज गिरीबाला सिंह के घर देर रात चोरी की घटना सामने आई। यह वही मकान है, जहां त्विषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी और जो अब भी जांच एजेंसियों के लिए अहम क्राइम सीन माना जा रहा है। ऐसे में इस घटना ने जांच की सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रात दो बजे घर में घुसे तीन नकाबपोश
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात करीब दो बजे तीन नकाबपोश बदमाश कटारा हिल्स स्थित मकान के प्रथम तल के रास्ते घर में दाखिल हुए। उस समय घर में केवल गिरीबाला सिंह का बड़ा बेटा मौजूद था, जबकि गिरीबाला सिंह और उनका छोटा बेटा समर्थ सिंह हत्या के मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।
पुलिस गश्त से भागे आरोपी
इसी दौरान इलाके में गश्त कर रही पुलिस की चार्ली वाहन का सायरन सुनते ही बदमाश घबरा गए। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चोर कुछ सोने के आभूषण और जरूरी दस्तावेज लेकर भागने में सफल रहे। हालांकि भागते समय वे चांदी का एक कटोरा और दस्तावेजों से भरा एक बैग वहीं छोड़ गए।

क्राइम सीन की सुरक्षा पर उठे सवाल
यह मकान अभी भी जांच के दायरे में है और इसे महत्वपूर्ण क्राइम सीन माना जा रहा है। ऐसे में यहां चोरी की घटना सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं इस घटना का मकसद किसी अहम सबूत या दस्तावेज तक पहुंचना तो नहीं था। फिलहाल पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है।
पुलिस कर रही हर एंगल से जांच
घटना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घर से आखिर क्या-क्या सामान गायब हुआ है और चोरी की इस वारदात का त्विषा शर्मा मौत मामले से कोई संबंध है या नहीं।
त्विषा शर्मा मौत मामला पहले से ही सुर्खियों में है और अब आरोपी के घर हुई चोरी ने इस केस को और संवेदनशील बना दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह सामान्य चोरी थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी है।
