Nvidia CEO को प्रेमजाल में फंसाकर जासूसी? चीन ने आरोपों को किया खारिज

INTERNATIONAL NEWS(India 365 news): Nvidia CEO जेनसन हुआंग से जुड़ा यह मामला इन दिनों दुनिया भर में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक चीनी महिला पर आरोप है कि उसने कारोबारी रिश्तों और निजी नजदीकियों का फायदा उठाकर एनवीडिया से जुड़ी अहम जानकारियां चीन तक पहुंचाने का काम किया। इस पूरे मामले में अमेरिका की खुफिया एजेंसियों को शक है कि एलिस हुआंग नाम की महिला चीन की खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं। हालांकि चीन ने इन आरोपों को पूरी तरह गलत बताया है।
दरअसल एलिस हुआंग सिंगापुर की कंपनी मेगास्पीड की पूर्व अधिकारी रह चुकी हैं। यह कंपनी एनवीडिया से AI चिप खरीदने का काम करती थी। अमेरिकी अधिकारियों को शक था कि एलिस हुआंग के जरिए कंपनी की तकनीक और कारोबार से जुड़ी अंदरूनी जानकारी चीन तक पहुंचाई जा रही थी। जांच के दायरे में यह बात भी आई कि मेगास्पीड ने अमेरिकी प्रतिबंधों के बावजूद एडवांस AI चिप चीन पहुंचाने में मदद की थी या नहीं।
इस मामले ने उस वक्त और ज्यादा तूल पकड़ लिया जब जेनसन हुआंग ने एनवीडिया के बोर्ड के सामने एलिस हुआंग के साथ अपने करीबी रिश्ते की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ बेवफाई करने की बात भी मानी। 8 नवंबर को कर्मचारियों को भेजे गए संदेश में उन्होंने कहा कि उनके व्यवहार से पत्नी और बच्चों को तकलीफ पहुंची है और इसके लिए उनके पास कोई बहाना नहीं है। उन्होंने अपनी गलती की जिम्मेदारी भी स्वीकार की।
हालांकि जेनसन हुआंग ने इस बात को सार्वजनिक रूप से स्वीकार नहीं किया है कि उन्हें एलिस हुआंग के कथित जासूसी गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी थी।
उधर चीन ने इस पूरे मामले में अपना बचाव किया है। 9 नवंबर को बीजिंग में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि चीनी महिला के जासूस होने के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उन्होंने इसे चीन को बदनाम करने और उसके खिलाफ गलत प्रचार करने की कोशिश बताया। इससे पहले 30 अक्टूबर को भी चीन ऐसे दावों को खारिज कर चुका था।
अब यह मामला सिर्फ एक कारोबारी के निजी रिश्ते तक सीमित नहीं रह गया है। एनवीडिया दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप निर्माता कंपनियों में शामिल है और अमेरिका पहले ही चीन को अत्याधुनिक चिप तकनीक मिलने से रोकने के लिए कई प्रतिबंध लगा चुका है। ऐसे में Nvidia CEO जासूसी मामला अमेरिका और चीन के बीच तकनीक की लड़ाई को एक नया मोड़ दे सकता है। हालांकि एलिस हुआंग पर लगे आरोपों की सच्चाई जांच से ही साफ हो पाएगी।
