देशराज्य

अखिलेश यादव पर गिरिराज सिंह का तीखा हमला! बोले ये तो रमखुदइया हैं

BIHAR NEWS(India 365 news):   उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले ही राजनीतिक दलों के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। अब गिरिराज सिंह का अखिलेश यादव पर हमला चर्चा में है। केंद्रीय मंत्री ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को रमखुदइया बताते हुए उनके 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या दौरे पर तंज कसा है। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है।

दरअसल अखिलेश यादव ने 12 दिसंबर को अयोध्या जाने का कार्यक्रम बनाया है। उनके इस दौरे की खबर सामने आने के बाद बीजेपी नेताओं की तरफ से लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने खास अंदाज में अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने एक उदाहरण सुनाते हुए सपा प्रमुख को रमखुदइया कह दिया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव रमखुदइया हैं। अपनी बात समझाने के लिए उन्होंने एक कहानी भी सुनाई। उन्होंने बताया कि एक नाला पार करने के लिए दो लोग पहुंचे। इनमें एक ने अल्लाह का नाम लिया और दूसरा जय बजरंगबली बोलकर आगे बढ़ गया। दोनों नाला पार कर गए। लेकिन तीसरा व्यक्ति दोनों तरफ का नाम लेने के चक्कर में बीच में ही फंस गया।

इसी कहानी को अखिलेश यादव की राजनीति से जोड़ते हुए गिरिराज सिंह ने तंज कसा। उनका कहना था कि अखिलेश यादव एक तरफ आजम खान से मिलने जेल पहुंच जाते हैं और दूसरी तरफ राम मंदिर जाने की बात भी करते हैं। इसी को लेकर उन्होंने यह टिप्पणी की।

गिरिराज सिंह के इस बयान को यूपी की आने वाली चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच राम मंदिर और अयोध्या का मुद्दा पहले भी कई बार राजनीतिक बहस का हिस्सा बन चुका है। अब अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे ने एक बार फिर इस मुद्दे को चर्चा में ला दिया है।

फिलहाल अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे से पहले ही बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। आने वाले दिनों में सपा की तरफ से इस टिप्पणी पर क्या जवाब आता है और बीजेपी के दूसरे नेता इस मुद्दे को कितना आगे बढ़ाते हैं इस पर सबकी नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button