देशराज्य

गाजियाबाद पुलिस चौकी धमाका मामले में ATS की जांच तेज

Ghaziabad News (India 365 news)   उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस चौकी धमाका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में रात करीब 9 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि चौकी की दीवारों में दरार आ गई और खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना के बाद पुलिस और जांच एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह धमाका हुआ उस वक्त चौकी के अंदर एक सब इंस्पेक्टर मौजूद थे। इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय खाना लेकर वहां पहुंचा था। धमाके की चपेट में आने से डिलीवरी बॉय घायल हो गया। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में भी अफरा तफरी मच गई। घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

शुरुआत में पुलिस को शक था कि चौकी में लगे एसी के कंप्रेसर में खराबी की वजह से विस्फोट हुआ होगा। लेकिन जैसे जैसे जांच आगे बढ़ी तो मामला कुछ और नजर आने लगा। बाद में इसे लो इंटेंसिटी ब्लास्ट बताया गया। इसके बाद जांच एजेंसियों ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच शुरू कर दी।

मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब एक संगठन की तरफ से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। हालांकि इस दावे की सच्चाई क्या है और इसके पीछे कौन लोग हैं इसकी जांच की जा रही है।

घटना के बाद ATS की टीम गाजियाबाद पुलिस और दूसरी जांच एजेंसियों के साथ मिलकर मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। मौके से कई तरह के सैंपल जुटाए गए हैं जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमाका किस वजह से हुआ और इसमें किसी बाहरी व्यक्ति या संगठन की भूमिका तो नहीं है।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए इस धमाके की असली वजह क्या थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button