राज्य

सूआ का पानी ओवरफ्लो होने से किसानों की फसल बर्बाद, मुआवजे की मांग तेज

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के गांव डडहेड़ी में सूआ का पानी ओवरफ्लो होने से किसानों की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। अचानक पानी का स्तर बढ़ने से खेतों में जलभराव हो गया और तैयार फसल देखते ही देखते बर्बाद हो गई। किसानों का कहना है कि उनकी कई महीनों की मेहनत कुछ ही घंटों में पानी में बह गई, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

पीड़ित किसान सुखदेव सिंह और भूमि मालिक बलजिंदर सिंह ने बताया कि दो दिन पहले सूआ में पानी का बहाव अचानक बढ़ गया और खेतों में भर गया। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने के बावजूद संबंधित विभाग का कोई अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचा। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन कार्रवाई करता तो नुकसान को कम किया जा सकता था।

सूआ का पानी ओवरफ्लो होने से किसानों की फसल बर्बाद, मुआवजे की मांग तेज

जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

किसानों ने आरोप लगाया कि सूआ में पहले डाली गई पाइपलाइन सही तरीके से नहीं लगाई गई, जिसके कारण पानी की निकासी बाधित हुई और ओवरफ्लो का पानी सीधे खेतों में पहुंच गया। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से नुकसान का उचित मुआवजा देने के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से सुधारने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी कि गांव डडहेड़ी आसपास के इलाकों से करीब तीन फीट नीचा है और भविष्य में यही स्थिति बनी रही तो पानी गांव में भी घुस सकता है।

नहरी विभाग ने शुरू की जांच

नहरी विभाग के पटवारी विशाल कंबोज ने बताया कि किसानों की लिखित शिकायत मिलने के बाद विभाग ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। विभाग ने आश्वासन दिया है कि तकनीकी खामियों की जांच कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसान जल्द राहत, उचित मुआवजा और स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button