मुजफ्फरपुर में 22 वर्षीय युवती का शव कमरे में मिला, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित चतुर्भुज स्थान इलाके में मंगलवार को एक 22 वर्षीय युवती का शव उसके किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
कमरे का दरवाजा खुलते ही सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, युवती मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ की रहने वाली थी और पिछले करीब पांच वर्षों से मुजफ्फरपुर में रह रही थी। वह पिछले एक महीने से चतुर्भुज स्थान इलाके में पहली मंजिल पर किराए के कमरे में अकेली रह रही थी।
मंगलवार दोपहर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकली तो नीचे रहने वाली एक महिला उसे देखने पहुंची। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा धक्का देने पर खुल गया, जहां युवती का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके से जुटाए गए अहम साक्ष्य
नगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फंदे में इस्तेमाल किए गए दुपट्टे, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी साक्ष्य जब्त किए हैं। एफएसएल टीम ने कमरे से सिगरेट के टुकड़े समेत कई अन्य सामग्री भी जांच के लिए सुरक्षित की है।
परिचित युवक के एंगल की भी जांच
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि युवती का रामबाग इलाके के एक युवक से परिचय था और उसके कमरे पर आने-जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी तस्वीर साफ
नगर एएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही निकाला जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और सभी साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
