सोनीपत NH-44 पर NHAI की लापरवाही, गड्ढे में डूबकर युवक की मौत, प्रोजेक्ट डायरेक्टर पर FIR

हरियाणा के सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह गड्ढा लगातार बारिश के कारण पानी से पूरी तरह भर गया था। घटना के बाद पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
न बैरिकेडिंग, न चेतावनी बोर्ड
आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही लोगों को सतर्क करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, बारिश के बाद गड्ढा पूरी तरह पानी से भर गया, जिससे यह बेहद खतरनाक हो गया। इसी दौरान एक युवक उसमें डूब गया और उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण डूबना बताया गया है।

हादसे के बाद लगाए गए सुरक्षा इंतजाम
घटना के बाद NHAI ने मौके पर बैरिकेडिंग, कॉशन टेप और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसको लेकर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि यदि ये सुरक्षा उपाय पहले किए गए होते तो शायद युवक की जान बच सकती थी। गांव के सरपंच ने भी इस मामले में NHAI अधिकारियों की लापरवाही की शिकायत पुलिस को दी थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
प्रोजेक्ट डायरेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी
एसीपी ऋषिकांत ने बताया कि बहालगढ़ थाना पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
